Monday, March 23, 2026
Home कोरबा कोल इण्डिया चेयरमेन ने खदान का किया निरीक्षण, उत्पादन बढ़ाने व लक्ष्य...

कोल इण्डिया चेयरमेन ने खदान का किया निरीक्षण, उत्पादन बढ़ाने व लक्ष्य हासिल करने पर दिया जोर

कोरबा। कोल इण्डिया चेयरमेन श्री प्रमोद अग्रवाल (आईएएस) 20 अगस्त 2020 को एसईसीएल के दौरे पर गेवरा क्षेत्र पहुंचेे। यहॉ सर्वप्रथम उन्होंने गेवरा खुली खदान का निरीक्षण किया एवं व्यू प्वाईंट से खदान में चल रहे खनन कार्य का जायजा लिया। उन्होंने गेवरा खुली खदान के विस्तार के बारे में जानकारी ली और विस्तार की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। उनका स्पष्ट संकेत कोयला उत्पादन में बढ़ोत्तरी तथा देश के कोयला आवश्यकताओं को पूर्ण करने संबंधी था।
अपने निरीक्षण के दौरान कोल इण्डिया चेयरमेन ने कहा कि देश की कोयला आवश्यकताओं को पूर्ण करना हमारा दायित्व ही नहीं बल्कि कर्तव्य भी है। कोल इण्डिया के कुल उत्पादन में से लगभग एक चैथाई कोयला उत्पादन एसईसीएल द्वारा किया जाता है, अत: एसईसीएल पर बड़ी जिम्मेदारी है। गेवरा, दीपका एवं कुसमुण्डा तीनों खुली खदानें एसईसीएल के मेगा प्रोजेक्ट हैं तथा कोयला उत्पादन में इन तीनों क्षेत्रों की महति भूमिका रही है। उन्होंने कार्य में और अधिक तेजी एवं दक्षता लाने का सुझाव दिया।
अपने दौरे के अगली कड़ी में उन्होंने एसईसीएल दीपका खुली खदान का निरीक्षण किया तथा दीपका खुली खदान की खनन प्रक्रिया एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। दीपका खुली खदान के निरीक्षण के बाद उन्होंने कुसमुण्डा खुली खदान का भी निरीक्षण किया। यहा उन्होंन कोल फेस तथा व्यूव प्वाईंट से खदान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंन उत्पादन-उत्पादकता को बढ़ाने संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। माईन निरीक्षण के दौरान उन्होंने उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को हासिल करने पर भी जोर दिया।
कोल इण्डिया चेयरमेन श्री प्रमोद अग्रवाल (आईएएस) के इस दौरे के दौरान एसईसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक श्री ए.पी. पण्डा, निदेशक (कार्मिक) डॉ. आर.एस. झा, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री बी.पी.शर्मा, निदेशक तकनीकी (संचालन) श्री आर.के. निगम, निदेशक तकनीकी (योजना/परियोजना) श्री एम.के. प्रसाद एवं निदेशक (वित्त) श्री एस.एम. चौधरी उपस्थित थे। साथ ही गेवरा खुली खदान निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक गेवरा क्षेत्र श्री एस.के. पाल, दीपका खुली खदान के निरीक्षण दौरान महाप्रबंधक दीपका क्षेत्र श्री डी.के. चन्द्राकर एवं कुसमुण्डा खुली खदान निरीक्षण दौरान महाप्रबंधक कुसमुण्डा श्री रंजन पी. शाह की उपस्थिति रही।

Advertisement Carousel