कोरबा(खटपट न्यूज़)। भाजपा के वरिष्ठ नेता रामपुर विधायक व पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने कहा है कि छत्तीसगढ़ प्रदेश में जो लोग कोरोना पॉजिटिव आने से अस्पताल में भर्ती हैं उन्हें कोविड का इंजेक्शन नहीं मिल पा रहा है। शासकीय अस्पतालों में कोविड इंजेक्शन स्टॉक में नहीं रखा गया है। दूसरी ओर मेडिकल स्टोर में जहां इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में रखा गया है उसमें भी कालाबाजारी करते हुए दोगुने- तिगने दामों में बेचा जा रहा है। अपने राज्य के कोरोना मरीजों को दवाई भी उपलब्ध नहीं करा पा रही है छत्तीसगढ़ की सरकार। स्वास्थ्य मंत्री ,मुख्यमंत्री कर क्या रहे हैं समझ से परे है? कोरोना मरीजों को पर्याप्त मात्रा में जब प्रदेश सरकार दवाई नहीं दे पा रही है तब केवल हर बात पर केंद्र सरकार पर अपनी गलती को मढ़ देना उचित नहीं है।

श्री कंवर ने कहा है कि जिन मरीजों को आइसोलेट में रखा गया है उनके खाने-पीने की व्यवस्था के लिए राज्य सरकार कोई योजना नहीं बना सकती, उन्हें दवाई उपलब्ध नहीं करा सकती, कोरोना के दवाइयों पर कालाबाजारी नहीं रोकी जा सकती, दवाई व इंजेक्शन स्टॉक में नहीं रख सकते तो केवल मास्क नहीं पहनने के नाम पर दो पहिया, चार पहिया वाले आम व्यक्तियो, दुकानदारों से पांच – पांच सौ रुपये वसूली कर अपना जेब भरने के लिए इस कोरोना के विकट संकट में भी छत्तीसगढ़ सरकार लगी हुई है। जबकि सरकार को आम नागरिकों के प्रति संवेदना रखते हुए जो लोग मास्क नहीं पहने हैं उन्हें मास्क वितरण का सहयोग कर रोकथाम किया जा सकता था। जनता को कोरोना की इस महामारी में किसी प्रकार की कोई सुविधा नहीं दे पा रही है सरकार और उनसे मास्क नहीं पहनने के नाम पर वसूली करने में लगी हुई है।
ननकीराम कंवर ने प्रदेश की भूपेश सरकार से आग्रह किया है कि कोरोना की इस महामारी में मास्क के नाम पर प्रशासन के माध्यम से जनता का जो जेब काटा जा रहा है, उसे तत्काल रोककर कोरोना के इलाज में लगने वाले दवाई, इंजेक्शन की कालाबाजारी पर रोक लगाते हुए सभी शासकीय अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में दवाई व इंजेक्शन का स्टॉक रखा जावे। प्राइवेट अस्पतालों में कोरोना मरीजों से इलाज के लिए अनाप-शनाप बिल बनाकर आम नागरिकों को लूटा जा रहा है उस पर रोक लगाया जाए। जो लोग कोरोना से ग्रसित होकर अपने घर में आइसोलेट हैं उनके खाने-पीने व दवाई के लिए समुचित व्यवस्था व देखरेख हेतु प्रशासन को सजग किया जाए। हर बात में केंद्र सरकार यह नहीं कर रही है, वह नहीं कर रही है कहने से काम नहीं चलेगा, कुछ तो आपको प्रदेश की सरकार में होने के नाते काम करना पड़ेगा। श्री कंवर ने प्रदेश की जनता से भी अपील की है कि इस विकट संकट के समय मास्क लगाकर, हाथ को बार-बार साबुन से धोकर, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए हाथों को सेनेट्राईज करते हुए अपने घर पर सुरक्षित रहे । प्रदेश में कोरोना की बीमारी बहुत खतरनाक होते जा रही है प्रदेश सरकार इस पर काबू पाने में सक्षम नहीं दिखाई दे रही है इसलिए आम नागरिकों की जान खतरे में है। आम नागरिकों की सुरक्षा ही हमारे लिए अमूल्य है।















