Monday, April 6, 2026
Home कोरबा कोरबा : 45 हाथियों ने मचाई दहशतगर्दी, वनकर्मियों ने मशाल जलाकर खदेड़ा

कोरबा : 45 हाथियों ने मचाई दहशतगर्दी, वनकर्मियों ने मशाल जलाकर खदेड़ा

कोरबा (खटपट न्यूज)। कटघोरा वन परिक्षेत्र में बुधवार की रात 45 हाथियों के झुंड ने आमाटिकरा गांव को चारों ओर से घेर लिया। इससे गांव वाले दहशत में आ गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस व वन विभाग की टीम को दी। इसके बाद वनकर्मी गांव में पहुंचे और हाथियों को मशाल जलाकर खदेड़ा।

कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक दुबे ने बताया कि रात के वक्त 45 हाथियों का झुंड जंगल से सटे गांव आमाटिकरा के बहुत पास आ गया था। हालांकि वन विभाग के कर्मचारियों की मदद से हाथियों को एतमा के जंगल की ओर खदेड़ा गया। वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा लगातार गांव के आसपास मुनादी कराई जा रही है, ताकि कोई ग्रामीण जंगल की ओर ना जाए। कटघोरा वन परिक्षेत्र में 30 से 40 हाथियों का झुंड डेरा जमाए हुए है। इसके चलते ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मंगलवार को भी हाथियों के झुंड ने बनिया गांव के गौठान में रखे चारे को चट कर दिया था। झुंड में हाथी के 4 बच्चे भी शामिल थे। गांव में हाथियों के घुस जाने की खबर तुरंत गांववालों ने वन विभाग को दी थी, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर वनकर्मियों ने हाथियों को खदेड़ा था। दरअसल कटघोरा वनमंडल के बनिया गांव में कुछ दिनों पहले हाथी के बच्चे को ग्रामीणों ने मौत के घाट उतार दिया था। इस मामले में वन विभाग ने एक नाबालिग समेत 14 लोगों को गिरफ्तार किया था। हालांकि मुख्य आरोपी अभी भी फरार है, तब से 30 से 40 हाथियों का झुंड जंगल से सटे गांव के आसपास ही विचरण कर रहा है। ग्रामीण हाथियों के डर से घर से निकलने में भी डर रहे हैं।


Advertisement Carousel