0 कोरोना संक्रमण से बचने दो गज की दूरी, मास्क का प्रयोग तथा आयुर्वेदिक काढ़ा पीने की दी सलाह

कोरबा, (खटपट न्यूज़)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा फिटनेस जागरूकता के लिए चलाए जा रहे फिट इंडिया फ्रीडम रन के अंतर्गत कमला नेहरू महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने प्राचार्य एस के शर्मा के मार्गदर्शन में सीएसबी चौक कोरबा से दर्री थाना तक मास्क लगाकर फिट इंडिया जागरूकता साइकिल रैली का आयोजन किया।

रासेयो के जिला संगठक वाय के तिवारी के नेतृत्व में जयप्रकाश पटेल, पुष्पा साहू, पूजा गुप्ता, आदि स्वयंसेवकों ने स्वयं फिट रहकर समाज के लोगों को फिटनेस का संदेश देते हुए लोगों को जागरूक करने का कार्य किया। बाजार पारा दर्री में विलुप्त हो रहे सरोवर को संवारने में जुटे पार्षद प्रेमचंद्र पांडेय के नेतृत्व में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में भी स्वयंसेवकों ने सहभागिता निभाई, सरोवर के पास स्थित हनुमान मंदिर परिसर की साफ-सफाई की तथा उपस्थित लोगों को फिटनेस तथा कोरोना संक्रमण से बचने हेतु सामाजिक दूरी मास्क का प्रयोग तथा नियमित रूप से आयुर्वेदिक काढ़ा पीकर रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान सुमन पांडेय, गौरव मिश्रा, संदीप कुमार, सतीश साहू, चंद्रशेखर, रानू पटेल के अलावा बाजार पारा बस्ती के स्वयं सेवक उपस्थित थे। फिजिकल फिटनेस का संदेश देते हुए आज स्वयंसेवकों ने 16 किलोमीटर साईकिल चलाई।

अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर के रासयो कार्यक्रम समन्वयक डॉ मनोज सिन्हा के निर्देशन में भारत सरकार तथा छत्तीसगढ़ शासन द्वारा चलाई जा रही राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय गेरवा घाट के विद्यार्थियों को कुपोषण से लड़ने के लिए सुपोषण के संग करने की सीख दी गई। जिला संगठक वाय के तिवारी ने संतुलित आहार उर्जा दे अपार की वास्तविकता को व्यवहार में लाने के लिए प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, वसा, विटामिन, खनिज आदि पोषक तत्व की उपलब्धता को अपने घर की बाड़ी से प्राप्त करने तथा भोजन को पचाने के लिए खेल, शारीरिक क्रियाशीलता, आदि को दैनिक दिनचर्या का नियमित अंग बनाने हेतु प्रेरित किया। बच्चों को स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित पोषण आहार तथा मजबूत शरीर के लिए व्यायाम, योग, दौड़, ग्रामीण खेल आदि का महत्व समझाते हुए पीटी व्यायाम तथा मानसिक शांति के लिए प्रार्थना का अभ्यास करवाया गया। कार्यक्रम के दौरान रासेयो कार्यक्रम अधिकारी जी एम उपाध्याय के अलावा वरिष्ठ स्वयंसेवक अमृत ढाली, मनीष चंद्रा, पिंकी यादव रिंकी कवर, हेमा पटेल, मानसी पटेल, दिव्या पटेल आदि के अलावा बस्ती के बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित थे।















