
कोरबा(खटपट न्यूज़)। जिले के शिक्षा विभाग में मुख्यमंत्री के साथ ही विभाग के सचिव स्तर के अधिकारियों का आदेश व निर्देशों का जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पालन नहीं किया जा रहा है। जिला कार्यालय में एक ही स्थान पर 5 से 10 वर्षों तक एक ही शाखा का कार्य कार्यालय के लिपिक एवं सहायक संचालक के द्वारा संचालित किया जा रहा है।
जिला शिक्षा अधिकारी को उक्त कर्मचारी बरगला कर शासन एवं कलेक्टर के आदेश व निर्देशों को धता बताने में सफल हो रहे हैं। 3 माह पूर्व शिक्षा विभाग के सहायक ग्रेड-3 से सहायक ग्रेड-2 के पद पर नियम विरूद्ध विभाग के द्वारा पदोन्नति दिया गया है जबकि सही मायने में पात्रता रखने वाले कर्मचारी उक्त पदोन्नति से आज पर्यन्त वंचित हैं। शिक्षा अधिकारी गोर्वधन प्रसाद भारद्वाज ने एक शिकायत पर सहायक संचालक स्तर के अधिकारियों से जॉंच कराई जो सही पाए जाने पर भी किसी प्रकार की कार्यवाही नहीं किया गया है।

शिकायतकर्ता मनीराम जांगड़े ने बताया कि वर्ष 2011 में डीईओ द्वारा चतुर्थ श्रेणी से सहायक ग्रेड-3 के पद पर विभाग के कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई थी। इसकी शिकायत पर तत्कालीन कलेक्टर मो. कैसर अब्दुल हक के द्वारा जॉंच में भी शिकायत सत्य पाया गया, उसे भी आज तक निरस्त नहीं किया गया। शासन के नियमानुसार विभाग में कार्यरत कर्मचारियों की आकस्मिक निधन हो जाने पर उसके परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति दिए जाने का प्रावधान है। बीते दिनो कोरोना काल में विभाग के अनेक कर्मचारियों का निधन हो गया था और उनके परिवार के द्वारा अनुकंपा नियुक्ति दिए जाने संबंधी आवेदनों में सात कर्मचारियों का आवेदन निरस्त कर दिया गया। इसका कारण मृतक कर्मचारी के परिवार में एक व्यक्ति के शासकीय सेवा में कार्यरत होना बताया। इसके विपरीत शिक्षा विभाग में ही विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय कटघोरा एवं शासकीय हाई स्कूल दीपका में सहा. ग्रेड-3 के पद पर एक-एक कर्मचारी पदस्थ हैं, उन्हें जो अनुकंपा नियुक्ति दी गई है जो पूर्णत: शासन के नियम के विरूद्व है। नियम कायदों को नजरअंदाज कर रकम लेकर उन्हें अनुकंपा नियुक्ति दे दिया गया है जिसे तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। श्री जांगड़े ने बताया कि विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पाली में एक कर्मचारी कलेक्टर दर पर नियुक्त है जिसे केवल 11,000 रुपए मासिक वेतन देना है लेकिन 18,000 रुपए विगत 5 वर्षों से दिया जा रहा है जिससे विभाग को लाखों का चूना लगा है।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)















