Tuesday, March 24, 2026
Home कोरबा कोरबा : वायुसेना अधिकारी व फूड ऑफिसर के घर में दोबारा चोरी

कोरबा : वायुसेना अधिकारी व फूड ऑफिसर के घर में दोबारा चोरी


कोरबा,(खटपट न्यूज)। कोरबा जिले के हरदीबाजार पुलिस चौकी क्षेत्र में चोरों की सक्रियता कुछ ज्यादा ही बढ़ गई है। पिछले दिनों यहां किसान दुखु राम पटेल के घर से हुई लाखों की चोरी के कुछ दिन बाद बेवा गिरजा बाई सोनी को बंधक बनाकर नकाबपोश लोगों के द्वारा की गई लूटपाट सहित चोरी के अन्य मामले अनसुलझे ही हैं। इस बीच एक मकान में लगातार दो बार चोरी हो गई। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस चौकी में की है।

जानकारी के अनुसार भिलाई बाजार के कोसमभाठा में सूने घर से दोबारा चोरी की घटना 21 अक्टूबर गुरुवार की रात को हो गई। भिलाई बाजार निवासी चंपा देवी कामठे ने इसकी सूचना चौकी प्रभारी को देते हुए बताया कि घर में रखे गंगार दो नग, एक बटुआ, 4 लोटा, कांसा की 4 थाली, 15 नग हउला तथा दो सिलेंडर और छोटे-छोटे कटोरी कुल मिलाकर 25 हजार रुपए का सामान चोरी हुआ है। इस मामले में बताया गया कि जिस घर में चोरी हुई है उस परिवार का एक सदस्य वायुसेना मुख्यालय, नई दिल्ली में पदस्थ है तो उसका छोटा भाई फूड ऑफिसर के पद पर बलरामपुर जिले में सेवारत है। इनका पैतृक निवास भिलाई बाजार कोसमभाठा में है जहां नहीं रहता। छुट्टियों के दौरान ही ये लोग घर में रह पाते हैं। छुट्टियों में जरुरत के सभी सामान मौजूद रहते हैं। इन्हें 21 अक्टूबर को पड़ोसियों ने फोन पर चोरी की सूचना दी। बहरहाल दोबारा हुई यह चोरी और पूर्व हुए चोरी के मामले चौकी प्रभारी कब तक सुलझा पाएंगे यह देखने वाली बात है।

Advertisement Carousel