Thursday, March 26, 2026
Home कोरबा कोरबा : रात में हाथी आया, गांव में मुनादी नहीं करा सका...

कोरबा : रात में हाथी आया, गांव में मुनादी नहीं करा सका वन अमला, सुबह महिला को कुचलकर मार डाला…

कोरबा(खटपट न्यूज़)। कोरबा जिले और कोरबा वनमंडल के अधीन जिला मुख्यालय से करीब 42 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत गिरारी के आश्रित ग्राम गीतकुंवारी में हाथी ने आज सुबह करीब 9:30 बजे एक अधेड़ महिला को मार डाला।

वन परिक्षेत्र कुदमुरा के जंगल मे दिलमोती पति साधराम उम्र 40 वर्ष को हाथी ने पैरों से रौंद डाला और महिला की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। महिला तेंदूपत्ता तोड़ने गई थी तब यह घटना हुई। इस बारे में कोरबा डीएफओ प्रियंका पांडेय का कहना है कि यह हाथी कल रविवार रात को रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ से निकलकर सीमावर्ती वन परिक्षेत्र कुदमुरा में प्रवेश किया है और हम लोग हाथी आने की सूचना ग्रामीणों को दे नहीं पाए। अक्सर हाथी आने की मुनादी कराई जाती है ताकि ग्रामीण सजग हो कर रहें व सुरक्षित स्थानों पर जाने के साथ ही वनोपज तोड़ने या अन्य कार्य के लिए जंगल की ओर न जाएं लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं हुआ। हाथी मित्र दल, गजराज वाहन और वन अमले ने रात में और न सुबह कोई चेतवानीपूर्ण मुनादी कराई गई। बहरहाल मौत के बाद अब वन अमला अपनी विभागीय कार्यवाही में जुट गया है। बता दें कि धर्मजयगढ़ से आकर कुदमुरा जंगल से हाथी कोरबा वनमंडल की सीमा में प्रवेश करते रहे हैं। यह उनके आने-जाने का मार्ग है। कई बार ऐसा भी होता है कि हाथी कब आ कर निकल जाए, इसका पता वन अमले को नहीं चल पाता। बताया गया कि हाल ही में हाथी के आने पर उसे वापस खदेड़ दिया गया था पर इस हाथी के आने की खबर नहीं लग पाई तो ग्रामीणों को सचेत करने का प्रश्न ही नहीं उठता।

Advertisement Carousel