कोरबा में महिला न्यायाधीश, रीडर सहित 4 स्टॉफ कोरोना पॉजिटिव, कलेक्टोरेट अभिलेख शाखा की महिला अधिकारी भी संक्रमित

कोरबा (खटपट न्यूज)। रविवार को कोरबा जिले के शहर और ग्रामीण अंचल में 12 मामले प्रथम जांच रिपोर्ट बुलेटिन के आधार पर दर्ज हुए हैं। हाईकोर्ट बिलासपुर के जस्टिस के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद कोरबा दूसरे नंबर पर है जहां की महिला न्यायाधीश, उसका रीडर सहित 4 स्टॉफ और 1 स्टॉफ की बहन भी कोरोना पॉजिटिव आई है। करतला व्यवहार न्यायालय में पदस्थ व्यवहार न्यायाधीश और 4 अन्य स्टॉफ के कोरोना पॉजिटिव आने की सूचनाओं से न्यायालयीन कामकाज के सिलसिले में न्यायालय पहुंचने वाले अधिवक्ताओं सहित पक्षकारों में खलबली मची है।

शासकीय मेडिकल कॉलेज रायगढ़ से जारी रविवार की प्रथम रिपोर्ट में कोरबा जिले से 12 नए कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जारी रिपोर्ट के मुताबिक ग्राम कर्रानारा से 2 महिला व 2 पुरुष सहित 4 संक्रमित हुए हैं। करतला से मिले 3 पुरुष व 2 महिला सहित 5 मरीज न्यायालयीन कर्मचारी हैं। इनके अलावा कोरबा पुराना शहर के गांजा गली से एक 45 वर्षीय व्यवसायी, मिशन रोड से 40 वर्षीय महिला एवं शहीद भगत सिंह कालोनी एसईसीएल से 58 वर्षीय पुरुष कोरोना पॉजिटिव मिला है। इन सभी के सेंपल की जांच रायगढ़ के मेडिकल कॉलेज में कराई गई थी। जांच रिपोर्ट आने के उपरांत इन सभी को कोविड अस्पताल में भर्ती कराने के साथ ही इनकी ट्रैवल हिस्ट्री भी खंगाली जा रही है। गांजा गली का व्यवसायी तबीयत खराब होने पर शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार करा रहा था और जांच हेतु सेम्पल भेजा गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इस व्यवसायी को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया। व्यवसायी की भी संपर्क हिस्ट्री तलाशी जा रही है।

Advertisement Carousel