Tuesday, March 24, 2026
Home कोरबा कोरबा की युवती ने दुर्ग में किया सुसाइड, खुदकुशी से पहले प्रेमी...

कोरबा की युवती ने दुर्ग में किया सुसाइड, खुदकुशी से पहले प्रेमी को किया वीडियो कॉल..हो रही जांच

कोरबा/दुर्ग(खटपट न्यूज़)। कोरबा जिले की निवासी एक युवती जो दुर्ग के एक निजी हॉस्पिटल में नर्स का कार्य कर रही थी, ने प्रेमी से खफा होकर मौत को गले लगा लिया। उसने खुदकुशी से पहले प्रेमी को वीडियो कॉल किया और उसकी बात नहीं मानने पर आत्महत्या की बात कहते हुए पहले सैनिटाइजर पिया फिर फंदे पर लटककर जान दे दी। मृतका के परिजन दुर्ग रवाना हुए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कोरबा जिले के बांकीमोंगरा अम्बेडकर नगर की निवासी 24 वर्षीय नीरा कुमारी सुपेला कांट्रैक्टर कॉलोनी में राकेश उर्फ देवानंद के घर पर किराए में रहकर ड्यूटी करती थी। उसकी रूम पार्टनर आशा ने पुलिस को बताया कि नीरा ने 2 दिन पहले ही अस्पताल से छुट्टी ली थी और बहन के घर जाने तथा दो दिन बाद आने की बात बताई थी। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे नीरा अपने कमरे में ही थी और आशा मॉल में ड्यूटी करने चली गई। जब वह शाम 6 बजे घर लौटी तो देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन नहीं खोला न ही अंदर से कोई आवाज आई। इसके बाद आशा ने खिड़की से झांक कर देखा तो नीरा पंखे से फंदे में झूल रही थी। आशा ने तुरंत इसकी सूचना सुपेला पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दरवाजा तोड़कर भीतर घुसी व फंदे से शव को नीचे उतारा। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव भिजवाया गया। पुलिस को वहां से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला लेकिन प्रेम-प्रसंग का मामला प्रारम्भिक तौर पर सामने आया। सुपेला टीआई सुरेश ध्रुव ने बताया कि प्रेमी को तलब कर प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई कि प्रेमी युवक के द्वारा युवती को अनदेखा किया जा रहा था। उसका फोन नहीं उठाता था। प्रेमी को वीडियो कॉल कर खफा प्रेमिका ने अपनी जान देने की बात कहते हुए सैनिटाइजर पी लिया। प्रेमी ने जब उसे ऐसा करने से मना करते हुए समझाने की कोशिश की तब युवती ने पंखे में फांसी का फंदा बनाया और वीडियो कॉल पर देखते ही देखते झूल गई। फिलहाल पुलिस ने घटना स्थल से नर्स का मोबाइल जब्त कर लिया है। मृतका का मोबाइल लॉक है उसे खुलवाने के लिए भेज दिया गया है।

Advertisement Carousel