
कोरबा(खटपट न्यूज़)। कोरबा जिले में सड़कों की बदहाली छिपी नहीं है। कुछ सड़कों का हाल ऐसा है कि जूते हुए खेत की तरह नजर आ रहे हैं। इन्हीं में शामिल है करतला विकासखण्ड अंतर्गत सरगबुंदिया से कटबितला तक बन रही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क। निर्माण एजेंसी के द्वारा सड़क निर्माण आधा-अधूरा कर छोड़ दिया गया है। सड़क पर डाली गई मिट्टी बरसात में कीचड़ बन गई है। यह सड़क कोरबा-चाम्पा मुख्य मार्ग से कई गांवों को जोड़ती है और केवल एक ही मार्ग है। निर्माणकर्ता ठेकेदार और विभागीय स्तर पर धीमी गति/कार्य समय पर पूर्ण करने की उदासीनता का खामियाजा है कि पैदल चलना मुश्किल हो गया है। यह सड़क 15 जून 2022 तक बन जानी थी। विधायक- सरपंच से शिकायत के बाद भी हल नहीं निकला। विभाग के द्वारा अभी भी जल्द काम शुरू करने का आश्वासन दिया जा रहा है।















