Monday, March 23, 2026
Home कोरबा कोरबा:सड़क पर हाथी,सरपंचों व ग्रामीणों ने खदेड़ा,आपसी सहयोग कर हाथियों से जूझ...

कोरबा:सड़क पर हाथी,सरपंचों व ग्रामीणों ने खदेड़ा,आपसी सहयोग कर हाथियों से जूझ रहे ग्रामीण

कोरबा(खटपट न्यूज)। वन मंडल कटघोरा अंतर्गत जंगलों में इन दिनों हाथियों की दहशत कायम है। अलग-अलग दल में हाथी घूम रहे हैं। दल के 3-4 हाथी कोरबा-पेण्ड्रा रोड की सड़क पर आ गए जिन्हें अपने से एकत्र संसाधनों की मदद से ग्रामीणों द्वारा खदेड़ दिया गया।

पसान वन परिक्षेत्र में 14 से 22 हाथियों के दल ने उत्पात मचा रखा है। हाथी किसानों की फसल, घर और अनाज को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ग्रामीण विवश होकर रतजगा और हाथियों से निपटने के लिए चंदा इक_ा कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग से कोई मदद नहीं मिल रही है जिसके कारण वह चंदा कर खुद संसाधन जुटाने में लगे हुए हैं। चंदे से वे 20 से 30 हजार रूपए जुटा चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग की तरफ से अपेक्षित मदद नहीं मिल रही है। ग्राम खमरिया से होते हुए हाथियों का दल ग्राम सेन्हा के इर्द-गिर्द मंडरा रहा है। ग्रामीण अपना घरबार छोड़कर कहीं और शरण लेने के लिए मजबूर हैं।


इस बीच खबर है कि पसान रेंज के ग्राम तेलियामार में शनिवार को 3 हाथियों ने कोरबा-पेंड्रा रोड हाईवे को जाम कर दिया। हाथी करीब 2 घंटे तक सड़क पर मौजूद रहे जिसकी वजह से आवागमन थमा रहा। इसकी सुचना पर वन विभाग द्वारा मात्र एक कर्मचारी को भेजा गया। हाथियों को भगाने के लिये आसपास के ग्राम पंचायतों के सरपंचों को खुद मोर्चा सम्हालना पड़ा। पोड़ीकला सरपंच सोमवार सिंह, कुम्हारीसानी सरपंच सुभावन सिंह, लेंगी सरपंच थान सिह और पसान सरपंच पति रामशरन सिंह ने ग्रामीणों की मदद से मशाल और पटाखे के सहारे हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने 2 घंटे की मशक्कत की। हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा गया तब जाकर आवागमन सामान्य हो सका।

https://youtu.be/lYCH_2fj3a8
Advertisement Carousel