0 स्व सहायता समूह के संचालन हेतु बैंक से प्राप्त राशि से ठगी का आरोपी गिरफ्तार

कोरबा(खटपट न्यूज़)। स्व सहायता समूह से ठगी करने वाले आरोपी को रिपोर्ट उपरांत त्वरित कार्यवाही कर गिरफ्तार कर लिया गया।
सर्वमंगला पुलिस सहायता केंद्र के प्रभारी एएसआई विभव तिवारी ने बताया कि 16 अगस्त को प्रार्थिया नोनी बाई पति चमरा सिंह पटेल 65 वर्ष निवासी ग्राम सोनपुरी ने पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया था। प्रार्थीया द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उजाला स्व सहायता समूह का संचालन किया जाता है जिन्हे रेडी टू ईट फूड बनाने का ठेका मिला हुआ था। आरोपी मिनेश पुरी गोस्वामी इनके साथ काम करता था। 07-08 वर्ष पूर्व समूह को रेडी टू इट बनाने के लिए बैंक से ऋण राशि 6 लाख रुपए मिला था। आरोपी मिनेश पुरी गोस्वामी ने प्रार्थीया को धोखा देकर दूसरे समिति का पैसा वापस करना है,कह कर 3 लाख रुपए ले लिया। उक्त राशि बार बार मांगने पर भी नही दे रहा था।

पुलिस अधीक्षक द्वारा तत्काल आरोपी मिनेश पुरी गोस्वामी के विरुद्ध कार्यवाही करने हेतु दिए गए निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा थाना कुसमुंडा में आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी व अमानत में खयानत की धारा 420,406 भादवि के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कराया गया। नगर पुलिस अधीक्षक दर्री सुश्री लितेश सिंह के पर्यवेक्षण, कुसमुण्डा टीआई नवीन देवांगन के नेतृत्व में पुलिस सहायता केंद्र सर्वमंगला प्रभारी विभव तिवारी द्वारा आरोपी मिनेश पुरी गोस्वामी पिता खोम्हन पुरी गोस्वामी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर कटघोरा उप जेल दाखिल कराया गया।















