Monday, March 23, 2026
Home कोरबा कोरबा:युकांध्यक्ष तय नहीं कर पा रहा संगठन, नितिन की पदमुक्ति भी मौखिक

कोरबा:युकांध्यक्ष तय नहीं कर पा रहा संगठन, नितिन की पदमुक्ति भी मौखिक

कोरबा(खटपट न्यूज़)। पूरे प्रदेश में एकमात्र कोरबा ज़िला युवा कांग्रेस अध्यक्ष विहीन है। यह पद संगठन के नेताओं के गले की हड्डी जैसा बन गया है।
यह सांगठनिक विडंबना ही है कि जिलाध्यक्ष को लेकर अभी तक संगठन कोई निर्णय नही ले पा रहा है। ज़िला प्रभारी राजेश स्वामी की ओर सह प्रभारी आस मोहम्मद के द्वारा ज़िला अध्यक्ष नितिन चौरसिया को मौखिक रूप से हटाने की बात तो की जा रही है,परन्तु लिखित में कोई भी देने को तैयार नहीँ। नितिन के पदमुक्ति का फैसला 11 अक्टूबर 2021 को ले लिए जाने के बाद अभी भी आदेश हवा में तैर रहा है। संगठन की कागजी प्रक्रिया जा हवाला जिला प्रभारी आस मोहम्मद कोरबा आकर लौटने के एक माह से देते आ रहे हैं। आखिर ऐसी कौन सी प्रक्रिया है जो 2 माह में भी राजधानी से लेकर दिल्ली तक पूरी नहीं हो पाई है, इसे युकां से जुड़े लोग भी जानना चाहते है। संभवतः यह पहला मौका है जब इतने लंबे समय तक के लिए जिला अध्यक्ष का पद रिक्त पड़ा हो। यह तो गनीमत है कि अभी कोई चुनाव का वक्त नहीं और संगठन की गतिविधियां भी कोई खास सक्रिय नहीं हैं वरना बिना नेतृत्व के स्थानीय संगठन कैसे काम करता!
0 शक्ति प्रदर्शन में जिसका दम, उसी का अध्यक्ष!
यह बात तो लाज़मी है कि इन दिनों दम-खम की रणनीति पर काम हो रहा है। राजीव युवा मितान क्लब गठन के बहाने पूर्व लोकसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष श्याम नारायण सोनी के नेतृत्व में मोटरसाइकिल रैली में सीएम के खास दुर्ग विधायक देवेन्द्र यादव कोरबा आए। इसके जवाब में संगठन खेमा ने महंगाई के विरुद्ध जनजागरण पदयात्रा के बहाने युंका के प्रदेश अध्यक्ष कोको पाढ़ी की उपस्थिति में शक्ति प्रदर्शन किया। इसी दिन एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय कैम्पस चलो अभियान के लिए कोरबा में रहे पर युव शक्तियों ने एक-दूसरे का मंच साझा नहीं किया। नितिन चौरसिया को श्याम नारायण सोनी खेमे का कहा जाता है और सोनी लंबे समय से विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत के करीबी माने जाते रहे। बाइक रैली के बाद वे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ दिखे। पदयात्रा में कोरबा युंका विधानसभा अध्यक्ष बृजभूषण प्रसाद ने शक्ति प्रदर्शन किया जो राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के करीबी हैं। इनके अलावा 3-4 और दावेदार भी हैं जो टी एस सिंहदेव समर्थक होने के साथ-साथ सर्वगुटीय तालमेल वाले भी हैं।

0 तीन खेमों में फंसा है अगला युकां जिलाध्यक्ष
तेजी से बदलते राजनीतिक परिदृश्य और हालातों के साथ बनती-बिगड़ती श्रद्धा भावना के बीच यह भी कहा जा रहा था कि बाइक रैली और जागरूकता पदयात्रा के दमखम के आधार पर नया जिला अध्यक्ष एकाध हफ्ते में घोषित हो जाएगा लेकिन युवा कांग्रेस का संगठन अभी भी कोई निर्णय लेने देने की स्थिति में दिखता नजर नहीं आ रहा। हालांकि कुछ दिनों बाद युवा कांग्रेस का सदस्यता अभियान शुरू होने की सुगबुगाहट है। किसी तरह की दखलअंदाजी या कोई हालात पैदा ना हो, इसके मद्देनजर पदमुक्ति से लेकर नई नियुक्ति पर फूंक-फूंक कर कदम रखा जा रहा है, ऐसा कहा जा सकता है। तीन खेमों में फंसे युकां पदाधिकारियों द्वारा स्पष्ट और स्वतंत्र निर्णय नहीं ले सकने की भी चर्चा कार्यकर्ताओं में गर्म है। इस बीच यह भी अपुष्ट खबर है कि जल्द ही युकां प्रदेश अध्यक्ष को भी बदला जा सकता है।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel