कोरबा (खटपट न्यूज)। नेशनल हाईवे के लिए काटे गए वृक्षों की लकड़ियों को चोरी कर ले जाने के दौरान पकड़े जाने पर वन कर्मियों के साथ भाजपा नेता ने मारपीट कर गाली-गलौज किया। बीएफओ को काटकर फेंक देने की धमकी दी गई। यह भी कहा कि तू जानता नहीं मैं यहांं का अध्यक्ष हूं।
मामला उरगा थानांतर्गत व कोरबा वन मंडल क्षेत्र के ग्राम जमनीपाली का है। ग्राम बरपाली निवासी हरिनारायण बंजारे पिता स्व. कलीराम 31 वर्ष बरपाली निस्तार डिपो में बीएफओ के पद पर पदस्थ हैं। हड़ताल अवधि में इन्हें ज्ञात हुआ था कि बीट अंतर्गत काटे गए पेड़ों की लकड़ियों को चोरी किया जा रहा है। इस जानकारी पर हड़ताल के दौरान ही 28 जुलाई को शाम 5 बजे नेशनल हाईवे 149 बी में लकड़ी कटाई का काम देखने के लिए हरिनारायण अपने साथी बिजेन्द्र कुमार नेटी के साथ जमनीपाली के पास गया था। यहां दो व्यक्ति पिकअप क्र. सीजी-12 एक्यू-0570 में आधा पिकअप लकड़ी भरे हुए थे। सवाल करने पर दोनों व्यक्ति भागने लगे जिन्हें सामने आकर पिकअप को रोकवाया और लकड़ी भरने संबंधी सूचना अधिकारियों को दी गई। इधर दोनों व्यक्तियों ने अपने साथियों को फोन करके जमनीपाली गौठान के पास बुलाया जहां एक कार में कुछ लोग पहुंचे। इनमें से एक पूर्व जनपद सदस्य झामलाल साहू जो कि भाजपा नेता है और पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ का जिला उपाध्यक्ष बताया जाता है, को हरिनारायण ने पहचान लिया। झामलाल ने आते ही अपने साथियों के साथ मिलकर वन कर्मी बिजेन्द्र नेटी को झापड़ मारा। इन लोगों ने बीएफओ हरिनारायण के साथ गाली-गलौज कर गला को पकड़कर लात-घूंसे व मुक्के से मारपीट कर धमकी दिया कि बरपाली में रहता है, काटकर फेंक दूंगा। इसके बाद झामलाल साहू और उसके साथी वहां से भाग निकले। 28 जुलाई की घटना की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्यवाही नहीं की। इससे नाराज वन कर्मियों ने उरगा थाना पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। मामले में पुलिस ने हरिनारायण की रिपोर्ट पर झामलाल साहू व साथियों के विरुद्ध धारा 294, 323, 34, 506 भादवि के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है।