0 तालाब की राशि दूसरे पंचायत में दे दिया विधायक ने, 13 वार्ड के लोग तरसे तालाब के लिए
कोरबा (खटपट न्यूज)। रामपुर विधायक ननकीराम कंवर की अनदेखी के कारण 13 वार्ड के लोग एक अदद तालाब के लिए तरस गए हैं। मंगलवार को ननकीराम के प्रति तब आक्रोश फूट पड़ा जब एसईसीएल कर्मी के अंतिम संस्कार में शामिल हुए लोगों को शुद्धि के लिए पानी नसीब नहीं हुआ। एक तालाब तो है लेकिन कम गहरा और गंदगी होने के कारण इसके गहरीकरण के स्वीकृत कार्य और राशि को विधायक ने निरस्त कर दूसरे पंचायत के कार्य के लिए स्थानांतरित कर दिया जो समझ से परे है।

मंगलवार को एसईसीएल के रजगामार खदान में कोयला लदान के समय हाइवा पर बंकर गिर जाने से यहां कार्यरत एसईसीएल के पम्प खलासी राधेश्याम साहू निवासी ग्राम ओमपुर की दर्दनाक मौत हो गई। आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाओं के बाद स्व. राधेश्याम का अंतिम संस्कार रजगामार के मुक्तिधाम में किया गया। इसके पश्चात अंतिम संस्कार में शामिल लोगों के द्वारा शुद्धिकरण के लिए हाथ-पैर धोने, स्नान तथा परंपरा अनुसार तालाब के किनारे उरई गाड़ने के लिए पानी और तालाब नसीब नहीं हुआ। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के सबसे बड़े पंचायत रजगामार में 20 वार्ड हैं और इनमें से 13 वार्ड अकेले ओमपुर में समाहित हैं। ओमपुर के इन 13 वार्डों में एक भी तालाब नहीं है। एक मात्र तालाब छुईढोढ़ा स्कूल के पास स्थित है जो कम गहरा होने के साथ कचरे से युक्त था।

इस तालाब के गहरीकरण के लिए इसी साल विधायक ननकीराम कंवर ने 7 लाख रुपए स्वीकृत किए एवं इस्टीमेट भी बन गया लेकिन अपरिहार्य कारणों से विधायक द्वारा इस कार्य को भुलसीडीह पंचायत में सीसी रोड के लिए हस्तांतरित कर दिया गया। इस तरह तालाब गहरीकरण का कार्य शुरुआती दौर में ही थम गया और आज अंतिम संस्कार के बाद के कर्मों के लिए पानी को लोग तरस गए। इस वाकये से अंतिम संस्कार में शामिल लोगों में विधायक ननकीराम कंवर के प्रति नाराजगी देखी गई।

0 भुलसीडीह में चहेते ठेकेदार को उपकृत किया!
जानकार ग्रामीणों ने बताया कि ओमपुर के तालाब गहरीकरण के 7 लाख रुपए के कार्य को विधायक ने अपने नजदीकी ठेकेदार के लिए भुलसीडीह में सीसी रोड निर्माण हेतु हस्तांतरित कर दिया। जबकि भुलसीडीह के पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि हमने यहां कार्यों के लिए कोई मांग पत्र विधायक को दिया ही नहीं तो फिर किस आधार पर उन्होंने भुलसीडीह के लिए कार्य हस्तांतरित किया। बताया गया कि वर्ष 2019 में इसी भुलसीडीह पंचायत में लगभग 1 करोड़ 22 लाख की लागत के कार्य स्वीकृत किए गए थे लेकिन वे कार्य आज तक पूरे नहीं हो पाए हैं। उन अधूरे कार्यों की सुध लेने की फुर्सत विधायक को नहीं है लेकिन ग्रामीणों की तालाब संबंधी जरुरत को दरकिनार कर दिया गया जो उचित नहीं है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही विधायक ननकीराम कंवर के प्रति करतला ब्लॉक के ग्राम पंचायत दादरकला के आश्रित ग्राम दादरभाठा की महिलाओं ने सीसी रोड का निर्माण नहीं होने के कारण नाराजगी जाहिर की थी। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना को जोड़ने के लिए सड़क से मोहल्ले के मध्य 600 मीटर का पहुंच मार्ग बनाया जाना है जो वर्षों से लंबित समस्या है।















