Monday, March 23, 2026
Home कोरबा कोरबा:थाना क्षेत्रों में अपडेट नहीं बीट सिस्टम के दीवार लेखन

कोरबा:थाना क्षेत्रों में अपडेट नहीं बीट सिस्टम के दीवार लेखन

0 कई प्रभारी बदल गए,पर वही पुराना नाम आज भी दिख रहा
कोरबा(खटपट न्यूज़)। पुलिसिंग में कसावट लाने के लिए बीट सिस्टम बनाया गया है। इन बीटों के लिए प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं। व्यवस्था के तहत और आम जनता को जरूरत पड़ने पर पुलिस अधिकारियों खासकर थाना और बीट प्रभारियों से सीधे संपर्क हो सके इसके लिए प्रमुख सार्वजनिक स्थानों एवं आंतरिक क्षेत्रों में दीवार लेखन कराया गया है। थाना प्रभारियों के जिम्मे यह काम होता है और शीर्ष अधिकारियों को इसकी मॉनिटरिंग करते रहनी चाहिए। बीट के प्रभारी को भी समय-समय पर अपडेट करने की जरूरत है।

यहां चिंताजनक है कि थाना व चौकियों के प्रभारी सालों से बदल गए हैं और बीट प्रभारी के साथ एएसआई एवं प्रधान आरक्षकों का भी तबादला हो चुका है लेकिन बीट में उल्लेखित वॉल राइटिंग में नाम व नंबर बदले नहीं जा सके हैं। हालांकि थाना प्रभारी का सरकारी नंबर नहीं बदलता लेकिन प्रभारी, बीट प्रभारी, एएसआई व प्रधान आरक्षक बदलने पर इनके नाम एवं नए नंबर की जानकारी आम जनता को होनी चाहिए। इसके अलावा पुलिस कंट्रोल रूम के विभिन्न नंबर भी सार्वजनिक डिस्प्ले किए जाने की जरूरत है।

देखा जा रहा है कि थाना क्षेत्रों के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों,बैंकिंग संस्थानों के साथ-साथ ऐसे स्थल की दीवारें जो आम रोड से सहज नजर आती हैं, वहां संबंधित बीट का क्रमांक सहित लिखे गए प्रभारियों के पुराने नाम आज भी दर्ज हैं। कोई भी थाना क्षेत्र ऐसा नहीं है जिसकी जानकारी अपडेट हो। दर्री थाना क्षेत्र से चंद कदम दूर साप्ताहिक बाजार के सामने लगे साइन बोर्ड में भी पुराने टीआई व बीट प्रभारी का नाम दर्ज है। बांकीमोंगरा क्षेत्र हो या सिटी कोतवाली का इलाका या फिर अन्य थाना क्षेत्र, बीट सिस्टम की जानकारी को अपडेट नहीं किया जा सका है
यह कोई एकाध प्रभारी के बदलने की बात नहीं बल्कि पूर्व पदस्थ प्रभारी के बाद कई प्रभारी बदल चुके हैं लेकिन नाम पुराना ही चल रहा है। दूसरी ओर पुलिस अधिकारी एएसपी अभिषेक वर्मा ये दावा करते हैं कि सारा कुछ अपडेट किया जा रहा है,कहीं भी कोई चूक नहीं है। एक-दो जगह भले ऐसा हो सकता है जबकि हकीकत इससे परे है।

Advertisement Carousel