Friday, March 27, 2026
Home कोरबा कोरबा:ठरकपुर में हालात बिगाड़ने पर तत्पर राजस्व अमला

कोरबा:ठरकपुर में हालात बिगाड़ने पर तत्पर राजस्व अमला

0 अपने ही आदेश का पालन नहीं करा पा रहे बरपाली तहसीलदार, खेत में कब्जा और फसल पर लगा है स्टे, पर काटी जा रही फसल

कोरबा-बरपाली(खटपट न्यूज़)। जमीन संबंधी विवादों के बढ़ते मामले यह बताने के लिए काफी हैं कि राजस्व विभाग मामलों/शिकायतों का निराकरण करने में ज्यादा गंभीरता नहीं दिखा रहा है। हालत तब और चिंतनीय हो जाती है जब अपने ही आदेश का पालन करा पाने में राजस्व अधिकारी और उनका आमला असफल साबित होता है।
ऐसा ही एक और मामला कोरबा जिले के करतला तहसील, राजस्व निगम मंडल बरपाली के अधीन ग्राम ठरकपुर पटवारी हल्का नंबर 8 में सामने आया है। यहां के निवासी बोधन सिंह पिता स्वर्गीय झाड़ू सिंह कंवर ने अपने स्वामी हक की भूमि खसरा नंबर 167/1 रकबा 0.190 हेक्टर कृषि भूमि पर किए गए अवैध कब्जा को मुक्त कराने का आग्रह किया है। 19 जून 2021 को वह खेत का मेढ़ देखने गया था तब उसकी भूमि के मेढ़ पर मिट्टी डाली जा रही थी। दादू सिंह पिता सोनसाय, जगती बाई पति दादू सिंह, पिंकी पति सुरेश के द्वारा यह कार्य किया जा रहा था जिससे मना करने पर वाद-विवाद किया गया।

विवादित भूमि पर काटी जा रही फसल

इस अवैध कब्जा पर रोक लगाते हुए स्थगन आदेश जारी करने व कब्जा दिलाने एक आवेदन बोधन सिंह के द्वारा न्यायालय नायब तहसीलदार एवं कार्यपालक दंडाधिकारी बरपाली के समक्ष प्रस्तुत किया गया। उक्त आवेदन पर 8 सितंबर 2021 को न्यायालय ने स्थगन आदेश जारी किया। आदेश में कहा गया कि वाद भूमि पर निराकरण होने तक किए जा रहे कब्जा पर रोक लगा दी गई है। इसकी सूचना कोटवार शिवदास को भी दी गई एवं कोटवार ने इस आदेश से कब्जा करने वालों को भी अवगत करा दिया। बोधन सिंह ने बताया कि उसकी भूमि पर उपरोक्त लोगों ने जबरिया धान की फसल बोई और स्टे आर्डर लगने के बाद भी उस फसल को काटकर न्यायालय के आदेश की अवहेलना कर रहे हैं।इस बारे में वह राजस्व विभाग, नायब तहसीलदार से गुहार लगा चुका है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है और विवाद बढ़ रहा है।पीड़ित ने न्याय व्यवस्था एवं जारी किए गए स्थगन आदेश का पालन कराने पर भी सवाल उठाया है।
0 नहीं मान रहे कब्जाधारी, अमला सुस्त
बोधन सिंह ने खटपट न्यूज़ को बताया कि स्टे आर्डर के बाद भी फसल काटी जा रही है। मंगलवार को मना करने पर नहीं माने तो डायल 112 को सूचना दी गई। 112 के कर्मी ने ठरकपुर पहुंचकर समझाइश दिया तब वह लोग मान गए लेकिन बुधवार सुबह फिर से धान की कटाई कर रहे हैं। राजस्व विभाग के आर आई और पटवारी चार बार मौका मुआयना करके जा चुके हैं लेकिन किसी तरह की सख्ती नहीं होने के कारण अवैध कटाई हो रहा है। बोधन सिंह के अधिवक्ता दिनेश सिंह ने बताया कि स्टे आर्डर का उल्लंघन के संबंध में भी उन्होंने पुनः आवेदन दिया है किंतु तहसीलदार के द्वारा किसी भी तरह की कार्यवाही ना कराने से कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही है और यदि पक्षकार वहां जाकर विरोध करता है तो उसकी जान भी जा सकती है। कल ही कलेक्टर जनचौपाल में शिकायत की गई है।

स्थगन आदेश

00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel