Saturday, March 28, 2026
Home Uncategorized कोरबा:जिले में पुलिसिंग दिखनी चाहिए,नशा के विरूद्ध कोरबा में भी निजात अभियान...

कोरबा:जिले में पुलिसिंग दिखनी चाहिए,नशा के विरूद्ध कोरबा में भी निजात अभियान :एसपी


0 नवपदस्थ एसपी संतोष सिंह ने संभाला पदभार
कोरबा(खटपट न्यूज़)। जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने सोमवार को अपना पदभार ग्रहण किया। उनकी पुलिस अभिकरियों ने अगुवानी की तो जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर सम्मान दिया।

इसके बाद मीडिया से रूबरू हुए एसपी ने जिले के लिए अपनी प्राथमिकताएं बताते हुए कहा कि नशा के विरूद्ध निजात अभियान कोरबा जिला में भी चलाया जाएगा। इसके तहत जिले में भी कार्य होंगे ताकि लोगों को इसकी जद से बाहर निकाला जा सके। एसपी श्री सिंह ने नशे की प्रवृत्ति को समाज और कानून व्यवस्था के लिए सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि हमारी कोशिश ना सिर्फ नशे के अवैध व्यापार को रोकने की है बल्कि नशे के आदी हो चुके हर वर्ग को इससे छुटकारा दिलाने का प्रयास भी किया जाएगा। हर नशा करने वालों को जेल नहीं भेजा जा सकता इसलिए काउंसिलिंग जैसे विकल्पों पर भी विचार होगा। कोरबा में भी नशे की कमर तोड़ने निजात की तर्ज पर अभियान चलेगा।


पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने कहा कि कोरबा सघन आबादी और खदान क्षेत्र में यातायात का भारी दबाव रहता है। इसी दबाव की वजह से जिले में सड़क दुर्घटनाओं में मौत और घायलों का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। प्रयास होगा कि नगरीय निकायों की मदद से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर जन-धन की हानि को रोका जाए। इसके अलावा हाइवे पेट्रोलिंग, गश्त, यातायात के जवानों की तैनाती पर नए सिरे से काम किया जाएगा। निगम के अधिकारी, कर्मचारियों की मदद से सड़क सुरक्षा को मजबूत किया जाएगा।
0 सोशल मिडिया का दुरुपयोग न हो
एसपी ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया का दुरूपयोग न हो। हमें यह सुनिश्चित करना होगा की खबरों में सत्यता हो और वह किसी व्यक्ति, वर्ग अथवा समुदाय को आहत न करता हो। उन्होंने कहा कि सायबर अपराध के तहत ऑनलाइन ठगी के मामले सभी जिलों में सामने आये हैं। जुआ, सट्टा से अलग क्रिप्टो करंसी जैसे आधुनिक तरीकों से भी आर्थिक अपराध ने सिर उठाया है। राजनांदगांव में उन्होंने क्रिप्टो करंसी से जुड़े एक बेहद दुर्लभ और जटिल मामले को सुलझाने में कामयाबी पाई थी। इस तरह के अपराध की रोकथाम के लिए कोरबा पुलिस की विशेष टीम काम करेगी।
0 पूर्व एसपी की कम्युनिटी पुलिसिंग सराहनीय
एसपी संतोष सिंह ने कहा कि निवर्तमान एसपी भोजराज पटेल ने जिले में सामुदायिक पुलिसिंग को काफी मजबूत किया है, उनके प्रयासों से आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है। जनता से सीधे संवाद के माध्यम से किये गए उनके कार्य अनुकरणीय हैं, जिला पुलिस कम्युनिटी पुलिसिंग से जुड़े सभी कार्यक्रमों को आगे भी जारी रखेगी। छुटपुट अपराधों से लेकर घरेलू हिंसा, मारपीट, जमीनी विवाद का निवारण लिए भी कम्युनिटी पुलिसिंग को एसपी ने महत्वपूर्ण बताया। एसपी संतोष सिंह ने पुलिस अधिकारियों व थाना-चौकी प्रभारियों की बैठक में कहा कि जिले में पुलिसिंग दिखनी चाहिए और आपराधिक तत्वों पर कार्यवाही में कोई कमी ना हो।

Advertisement Carousel