कोरबा(खटपट न्यूज़)। एक चोर ने चोरी के लिए काफी मेहनत की, पाईप से उतरते-चढ़ते वक्त लहूलुहान भी हो गया लेकिन जिसके लिए इतनी मशक्कत किया, बदकिस्मती ऐसी कि उसे ही छोड़कर चला गया। इसमें किस्मत का धनी बाइक का मालिक रहा जिसकी बाइक चोरी होने से बाल-बाल बच गई।

मामला उरगा थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत बरीडीह के उप स्वास्थ्य केन्द्र का है,जहां शनिवार रात अज्ञात चोर छत के रास्ते आंगन में उतरा। आंगन में मौजूद मोटर साइकिल को उसने बाहर निकाल कर रखा। इसके बाद स्वास्थ्य कर्मियों के मकान के दरवाजे को बाहर से सिटकनी लगाकर बंद कर दिया।दूसरे दिन सुबह जब स्वास्थ्य कर्मी सोकर उठे तो दरवाजा बाहर से बंद पाया। इसकी सूचना डॉयल 112 को दी गई जिसके पहुंचने पर बंद दरवाजों को खोला जा सका। कमरे से बाहर निकले स्वास्थ्य कर्मियों ने घटना की जानकारी दी। 112 के कर्मियों द्वारा छानबीन करने पर उप स्वास्थ्य केन्द्र की छत पर एक बैग मिला जिसमें कपड़ा, जूता, दंत मंजन, मास्क आदि थे। अज्ञात चोर छत के ऊपर से चोरी करने घुसा था।

उसने ऊपर से नीचे आने और बाइक निकालने के बाद फिर छत पर चढ़ने के लिए पानी के पाइप का सहारा लिया जिससे नल भी टूट गया। इस दौरान चोर चोटिल भी हुआ क्योंकि दीवार में खून के धब्बे कुछ जगह पर मौजूद मिले। वारदात की सूचना उप स्वास्थ्य केन्द्र में पदस्थ सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी श्रीमती हेमिन सूर्यवंशी के द्वारा खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक राज को भी दी गई जो मौके पर पहुंचे व मुआयना किया। फिलहाल श्रीमती सूर्यवंशी ने उरगा थाना में घटनाक्रम की लिखित शिकायत दे दी है जिसके आधार पर पुलिस द्वारा तफ्तीश शुरू कर दी गई है। उरगा पुलिस ने घटनास्थल से मिले अज्ञात आरोपी के बैग को जप्त कर लिया है।















