कोरबा (खटपट न्यूज)। जिले के सीमांत क्षेत्र स्थित पर्यटन स्थल केंदई के जलप्रपात में नहाने के दौरान दो सगे भाई की मौत हो गई। ये अपने परिजनों के साथ यहां घूमने के लिए गए हुए थे कि हादसा हुआ। इस घटना की खबर ने कटघोरा नगर को शोकमग्न कर दिया है।

जानकारी के अनुसार कटघोरा बस स्टैण्ड निवासी अशोक गोयल के पुत्र पीयूष गोयल 30 वर्ष एवं आयुष गोयल 19 वर्ष, पीयूष की पत्नी राशि बंसल 27 वर्ष एवं बहन रिया गोयल 28 वर्ष ये चारों घूमने के लिए गुरुवार को मोरगा पुलिस चौकी क्षेत्रांतर्गत केंइई जलप्रपात गए हुए थे। गर्मी से राहत पाने नहाने के लिए उतरे दोनों भाई में से बड़ा भाई झरने की गहराई में समाने लगा। उसकी चीख-पुकार सुनकर छोटा भाई वहां पहुंचा और बचाते-बचाते वह भी गहराई में समा गया। यह देख पत्नी व बहन ने तत्काल इस बारे में परिजन को अवगत कराया। सूचना उपरांत मौके पर मोरगा पुलिस चौकी प्रभारी केएस पैकरा मातहतों के साथ पहुंचे व गोताखोरों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकलवाया। मर्ग कायम कर दोनों शवों को मर्च्युरी में रखवा दिया गया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम बाद इन्हें परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।















