Friday, March 27, 2026
Home कोरबा कुदमुरा-श्यांग मार्ग पानी-पानी, दर्जनों गावों का सम्पर्क टूटा

कुदमुरा-श्यांग मार्ग पानी-पानी, दर्जनों गावों का सम्पर्क टूटा


कोरबा(खटपट न्यूज़)। जिलों में लगातार बारिश ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है। बारिश के कारण जलभराव की समस्या खासकर निचले क्षेत्रों में उत्पन्न हुई है। नदी-नालों पर बने निचले पुल-पुलिया के ऊपर से पानी बहने के कारण दोनों तरफ का आवागमन प्रभावित होने के साथ ही आवागमन के लिए इन मार्गों पर निर्भर ग्रामवासियों को फिलहाल अपने-अपने गांव में ही रुकना पड़ा है।

इन दिनों लगातार बारिश की वजह से मांड नदी भी उफान पर है। रामपुर विधान सभा क्षेत्र के कुदमुरा-श्यांग मार्ग पर हुंकरा स्थित मांड नदी का पानी सड़क के ऊपर से गुजरने के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने कई बार जिले के अधिकारियों को लिखित एवं मौखिक तौर पर समस्या से अवगत लेकिन अब तक हालात वही हैं। अगर कोई ऐसा उपाय निकालकर कर काम किया जाए जिसमें आवागमन अवरुद्ध ना हो सके तो कई फीट तक भरे पानी से लोगों को छुटकारा मिल जाए। जलभराव के कारण आवागमन के लिए उक्त सड़क मार्ग पर निर्भर ग्राम जिल्गा, बरपाली, शनिडेरा, दादरपारा, कटकोना, बासीन, फुलसरी, गिरारी, गितकुंवारी, लबेद, पतरापाली, चिर्रा, एलोंग, सिमकेदा, गुरमा, धनपुरी, ढं़ेगुरडीह, श्यांग, अमलडीहा, धौराबारी आदि के निवासियों का संपर्क फिलहाल टूट गया है।
0 जलभराव का वर्षों से नहीं हो सका समाधान

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि प्रत्येक वर्ष बारिश में कुदमुरा-श्यांग मार्ग में जलभराव के कारण आवागमन प्रभावित हो जाता है इस समस्या से अधिकारियों व जनप्रतिनिधि अनजान नहीं हंै लेकिन इस ओर कोई भी जवाबदार ध्यान नहीं देता। ग्रामीणों ने सवाल किया है कि आखिर इस समस्या का समाधान कौन और कब तक करेगा?

00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel