
कोरबा (खटपट न्यूज)। भीषण गर्मी से लोग परेशान हो रहे हैं। लोगों के हलक सूख जा रहे हैं। सबसे अधिक तकलीफ राहगीरों को हो रही है। इस भीषण गर्मी में कुदमुरा बस स्टेण्ड में एक व्यक्ति की ओर से 4 मिट्टी के घड़े में पानी पिलाने की व्यवस्था की गई है लेकिन अब तक पीएचई की ओर से कोई विभागीय व्यवस्था नहीं की जा सकी है। बस स्टेण्ड में प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री लोग यहां से आवागमन करते हैं परंतु इन्हें भीषण गर्मी में पीने का पानी नहीं मिल पा रहा है।

विभाग की ओर से बस स्टैंड में एक भी हेण्डपम्प की व्यवस्था नहीं है और न ही कोई रुचि है। प्यासा राहगीर या तो हैंड पंप खोजता है या बोतलबंद पानी की तलाश में दुकान पर जाता है। लू के थपेड़ों और गर्मी के बीच दूर-दराज से पहुंचे लोगों को प्यास बुझाने पानी के लिए तरसना पड़ता है। विभाग पेयजल के नाम पर लाखों रूपये खर्च कर रही है लेकिन कई जगह कागजों में पानी पिलाया जा रहा है।















