
0 विधानसभा स्तरीय सम्मेलन में गरजे भाजपाई
कोरबा (खटपट न्यूज़)। भाजपा के कोरबा विधानसभा स्तरीय सम्मेलन में मुख्य वक्ता पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी नीतिन नवीन ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि कांग्रेस की अराजक सरकार को उखाड़ फेंकने का वक्त आ गया है, इसके लिए सभी तैयार रहें। सभा में अन्य वक्ताओं ने भी कांग्रेस की रीति-नीति पर प्रहार किया।

सरस्वती शिशु मंदिर कोरबा पूर्व में आयोजित सम्मेलन में कोरबा विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख भाजपा पदाधिकारी सहित कार्यकर्तागण शामिल हुए। यहां नीतिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस की सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। इसके अलावा चहुंओर अराजकता का माहौल है। कोरबा में भी कांग्रेस के नेताओं की कार्यशैली से जनता परेशान हो चुकी है। पिछले 5 वर्ष से क्षेत्र में ऐसा कोई भी कार्य नहीं हुआ है जिसे कांग्रेसी अपनी उपलब्धि बता सकें। सडक़ की समस्या बनी हुई है। इसके अलावा मूलभूत समस्याओं का भी अंबार लगा हुआ है। भाजपा प्रत्याशी लखनलाल देवांगन ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में दौरा करने के दौरान लोगों से जानकारी मिल रही है कि क्षेत्र में विकास की गति शून्य हो चुकी है। खासकर नगर निगम की कार्यशैली से जनता काफी परेशान हैं। स्थानीय विधायक द्वारा जनहित में किसी तरह का कार्य नहीं किया गया है जबकि वे पिछले 15 वर्षों से विधायक हंै। इस बार जनता अपना मन बदल चुकी है। रामपुर विधायक ननकीराम कंवर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जोगेश लांबा, प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में सैंकड़ों की संख्या में कांग्रेसियों ने भाजपा में प्रवेश किया जिनका वरिष्ठ नेताओं ने मंच पर स्वागत कर अभिनंदन किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक चावलानी, देवेन्द्र पाण्डेय, केदारनाथ अग्रवाल, गोपाल मोदी, नवीन पटेल, अजय विश्वकर्मा, परविंदर सिंह, शिवबालक सिंह तोमर, ईश्वर साहू, मनीष मिश्रा, संतोष देवांगन, टिकेश्वर राठिया, नरेन्द्र देवांगन, वैशाली रत्नपारखी, उमादेवी सराफ, ज्योति वर्मा, श्रीमती मंजू सिंह आदि भी उपस्थित थे।















