कहर ढा रहा मौसम,आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश, डरा रही बिजली

कोरबा(खटपट न्यूज)। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार रविवार को दिन भर तो मौसम खुला रहा लेकिन शाम के बाद से बदली छाई रही। रात लगभग 9 बजे तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश ने अपना रूप दिखाया। बादलों की तेज गड़गड़ाहट और आकाशीय बिजली की डराने वाली चमक के साथ मूसलाधार बारिश ऊर्जाधानी के विभिन्न इलाकों में हो रही है। तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश ने सामान्य जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। मार्च के महीने में सावन-भादो की तरह हो रही बारिश के कारण लोगों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी ओर बदले मौसम ने गर्म कपड़ों को एक बार फिर से निकालने पर मजबूर कर दिया है।

फसलों पर मौसम की मार :- बेमौसम हुई वर्षा ने ग्रीष्म की फसल लेने वाले किसानों के लिए परेशानी खड़ी कर दी है। टमाटर, फूल गोभी और मिर्ची के पौधों में बीमारी पनपने लगी है। गांवों में लगाए गए 40 एकड़ से भी अधिक गेहूं के फसल तेज हवा की वह से धराशायी हो गए हैं। जिले में दो दिनों के भीतर 20.13 मिमी वर्षा हो चुकी है। आगामी दो दिनों तक मौसम असमान्य रहने की संभावना है। ऐसे नुकसान में वृद्धि की आशंका ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।पिछले 48 घंटे से मौसम में बदमिजाजी का आलम है। वर्षा के साथ वातावरण में नमी घुल गई है। जिसका सीधा असर मौसमी फसलों पर पडऩे लगा हैं। धान के बदले अन्य फसल और कम लागत में अधिक उत्पादन को प्रोत्साहित किए जाने के कारण इस वर्ष किसानों ने गेहूं, अलसी और सब्जी की फसल ली है। चार दिन पहले मौसम साफ होने की वजह से किसानों ने कटाई की तैयारी शुरू कर दी थी। इसके लिए खेतों से पानी का भराव कम किया जा रहा था। बताना होगा शुक्रवार की तुलना में शनिवार को वर्षा का व्यापक असर रहा है। पोड़ी-उपरोड़ा और कोरबा तहसील में अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

Advertisement Carousel