कोरबा(खटपट न्यूज़)। प्रेम विवाह करने पर दूसरे जाति का होने का ताना देने और दुर्व्यवहार करने के मामले में की गईर् शिकायत पर करतला पुलिस द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गई। व्यथित होकर राज्य महिला आयोग की शरण ली जहां इस प्रकरण को स्वीकार कर नियमानुसार उचित कार्यवाही एवं जांच प्रतिवेदन के लिए कोरबा एसपी को आयोग ने निर्देशित किया है।

करतला थाना क्षेत्र के ग्राम कोटमेर निवासी श्रीमती अनिता श्रीवास पति नरेन्द्र ने प्रीतम लाल श्रीवास, श्रीमती मंजूलता श्रीवास के विरूद्ध गाली-गलौच करने व मारपीट कर दूसरे जाति का होने का ताना मारने, दुर्व्यवहार करने, परिवार से निकालने और पारिवारिक, सामाजिक एवं रिश्तेदारी के कार्यक्रमों में सम्मिलित होने से मना करने आदि आपराधिक कृत्य की शिकायत की थी। करीब 2 माह पहले की गई शिकायत पर किसी भी तरह से संज्ञान नहीं लिया गया। इसे व्यथित होकर पीड़िता ने राज्य महिला आयोग के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराई। आयोग ने उक्त प्रकरण पंजीकृत कर लिया है। महिला आयोग सचिव के द्वारा इस संबंध में 4 मार्च को कोरबा पुलिस अधीक्षक को निर्देश जारी कर नियमानुसार उचित कार्यवाही करते हुए 15 दिन के भीतर जांच प्रतिवेदन आयोग को उपलब्ध कराने कहा है। दूसरी ओर पीड़िता के पति ने बताया कि आज दिनांक तक उसे या पत्नी को जांच अथवा बयान/पूछताछ के लिए न करतला थाना न एसपी आफिस, कहीं से भी बुलाया नहीं गया है।
















