Friday, March 27, 2026
Home कोरबा कबाड़ी विजय बिगाड़ रहा माहौल, नगर से बाहर निकालने एसपी से मिले

कबाड़ी विजय बिगाड़ रहा माहौल, नगर से बाहर निकालने एसपी से मिले


0 बच्चों में भी डाल रहा चोरी की लत, समाज का माहौल बिगड़ रहा
कोरबा-छुरीकला(खटपट न्यूज़)। नगर में रहकर कबाड़ी का काम करने वाले विजय साहू को चोरी कराने व चोरी के सामान खरीदने के अलावा शासकीय जमीन की खरीदी-बिक्री के मामले को लेकर नगर के जमींदार व कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता कुंवर राजवर्धन प्रताप सिंह के नेतृत्व में नगरवासियों तथा पार्षदों ने जिला पुलिसअधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर नगर से बाहर निकाले जाने की मांग की है।

ज्ञात हो कि पिछले कुछ सालों से छुरीकला नगर में रहकर नगर सहित आस पास क्षेत्रों में कीमती सामानों की चोरी कराने तथा चोरी के सामान खरीदने के कार्य में कबाड़ी विजय साहू सक्रिय है और पुलिस ने भी कुछ मामलों में कार्यवाही की है। विजय कबाड़ी के धनरास मार्ग में बनाए गये गोदाम में पुलिस द्वारा नगरवासियों की उपस्थिति मे छापा मारे जाने पर लाखों के सामान बरामद किए गए थे। विजय साहू की नगरवासियों द्वारा जांच-पड़ताल करने पर कई मामले सामने आए जिसमें शासकीय जमीन को नगर के कुछ लोगों से मिलकर खरीदी-बिक्री किया जाना पाया गया। इसके अलावा नगर के पढ़ने वाले बच्चों को चोरी के कार्य में लिप्त कराने की बात भी सामने आई जिससे नगर के शांत माहौल पर असर पड़ने लगा। इस पर अंकुश लगाने व कबाड़ी को नगर से बाहर करने के लिए नगर के 12 पाठकों की बैठक जमींदार गढ़ी महल में कुंवर राजवर्धन प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कर प्रस्ताव पारित किया गया। उक्त प्रस्ताव के साथ नगरवासियों की ओर से कुंवर राजवर्धन प्रताप सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को जिला पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल को ज्ञापन सौंपकर विजय कबाड़ी को नगर से बाहर किये जाने व शासकीय जमीन को खरीदी-बिक्री की निष्पक्ष जांच किये जाने की मांग की गई है। कहा जा रहा है कि एसडीएम द्वारा निष्पक्ष जांच की जाए तो कई मामले सामने आएंगे।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel