कोरबा-कटघोरा (खटपट न्यूज़)। कटघोरा-बिलासपुर नेशनल हाईवे क्रमांक 130 अपने निर्माण और यातायात में राहत देने के सुकून से ज्यादा भू-अर्जन की गड़बड़ी और व्यापक फर्जीवाड़ा के लिए जाना जा रहा है। व्यापक फर्जीवाड़ा के कारण जमीन का नुकसान और आर्थिक ठगी से प्रभावित किसानों ने पटावरी और उप पंजीयक पर धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगाया है। इन्होंने कोई कार्यवाही न करने से व्यथित होकर 14 दिसम्बर को धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।

फोर लेन सड़क में कुटेलामुड़ा की जो जमीन राजस्व विभाग द्वारा अधिग्रहित की गई है उसमें स्थानीय किसानों ने राजस्व विभाग, पटवारी व उप पंजीयक पाली पर फर्जीवाड़ा का आरोप लगाया है। अधिग्रहित भूमि के मालिक किसान असफाक अली, प्रकाश बंजारे, महिपाल कंवर, सय्यद यूनुस अली तथा अन्य किसानों ने हल्का पटवारी हातिम खान पर आरोप लगाया है। कुटेलामुड़ा निवासी राजकुमारी बंजारे पति स्व.फूलचंद बंजारे ने लिखित शिकायत में बताया है कि पटवारी हातिम खान ने धोखे में रखकर उसकी जमीन खसरा नम्बर 263/4 रकबा 0.405 को श्रेया गर्ग व दिनेश गर्ग के नाम रजिस्ट्री कर दिया और हमें जो मुआवजा मिलना चाहिए वह नहीं मिल पाया है। राष्ट्रीय राजमार्ग द्वारा उक्त खसरा से 0.113 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहण को प्रकाशित किया गया किंतु सड़क निर्माणकर्ता ठेकेदार द्वारा लगभग 70 डिसमिल भूमि पर मिट्टी डाला गया है तथा उक्त खेत पर लगे पेड़ों को कटवा दिया गया है। शासन द्वारा 28 डिसमिल जमीन अधिग्रहण किया गया है जबकि सड़क निर्माता द्वारा 70 डिसमिल भूमि पर अवैध निर्माण किया जा रहा है। इस तरह हमारी 42 डिसमिल जमीन पर बगैर मुआवजा दिए काम किया जा रहा है। यदि शासन द्वारा हमारी 42 डिसमिल का अधिग्रहण नहीं किया जाता है तो हमारी जमीन को पूर्व की स्थिति में वापस किया जाना चाहिए। राजकुमारी ने नवम्बर माह में इसकी शिकायत कलेक्टर व अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कटघोरा से की है लेकिन आज तक कोई प्रशासनिक अधिकारी शिकायत निराकरण करने नही पंहुचे।
इसी तरह असफाक अली ने बताया कि यहां के पदस्थ हल्का पटवारी हातिम खान ने जानबूझकर द्वेष भावना से गलत तरीके से भू- अर्जन पत्रक प्रस्तुत किया है। इसकी जानकारी व शिकायत कटघोरा एसडीएम से करते हुए मांग की गई है कि मौके पर अर्जित भूमि का पटवारी व राजस्व निरीक्षक द्वारा जांच कर सर्वे सूची बनाया जाय ताकि प्रभावित किसानों को मुआवजा राशि नवीन पत्रक के अनुसार दिया जा सके। यहां के किसानों ने पटवारी सहित उप पंजीयक पाली पर साठ-गांठ से जमीन के टुकड़े-टुकड़े कर किसानों को धोखे में रखकर फर्जी रजिस्ट्री कराकर मोटी रकम कमाने का आरोप लगाया है।
0 14 दिसम्बर को उग्र आंदोलन की चेतावनी
कुटेलामुड़ा की जमीन अधिग्रहण में फर्जीवाड़ा को लेकर यहां के किसानों ने 14 दिसम्बर को उग्र आंदोलन व धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है। पीड़ित किसानों ने कहा है जब तक हमारी जमीन का सही जांच कर उचित मुआवजा नहीं दिया जाता, तब तक सड़क निर्माता ठेकेदार को काम नहीं करने देंगे।
0 आरोप-प्रत्यारोप पर हुआ विवाद, मारपीट भी
स्थानीय सूत्र बताते हैं कि शनिवार को देर रात कटघोरा पुरानी बस्ती में जमीन मामले को लेकर आरोप-प्रत्यारोप को लेकर उठे विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गयी। पटवारी के एक परिजन ने आरोप लगाने वाले शख्स के साथ बुरी तरह मारपीट की। रात में ही मामला थाना पहुंचा जिसमें आपसी राजीनामा की बात देर रात तक सामने आती रही। समझौता हुआ या कोई कार्यवाही, इस संबंध में थाना प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया पर सम्पर्क नहीं हो पाया।


















