
ऑनलाइन लूडो खेलने के दौरान गाजियाबाद की एक शिक्षिका अपना दिल लोधा के एक युवक से हार बैठी। मगर, युवती के जज्बातों का फायदा उठाकर युवक ने उससे पैसे ऐंठ लिए और लॉकडाउन में अपने गांव लोधा आने के बाद युवती को मिलने तक से इनकार कर दिया। चार दिन से युवती लोधा गांव में उसकी तस्वीर लेकर घर-घर तलाश कर रही है। सूचना पर थाना पुलिस पहुंची। वह युवती को समझा बुझाकर अपने साथ ले गई है। पुलिस ने स्वयं युवक की तलाश का आश्वासन उसे दिया है।
नोएडा की एक युवती अपने प्रेमी की तलाश में अलीगढ़ के लोधा गांव पहुंच गई। यहां उसने प्रेमी का फोटो दिखाकर लोगों से उसके बारे में जानकारी मांगी। भटक रही युवती की जानकारी लोगों ने पुलिस को दी तो पुलिस युवती को अपने साथ थाने ले गई। युवती ने बताया कि वह युवक से ऑनलाइन गेम खेलने के दौरान संपर्क में आई। युवक ने उससे कई बार में हजारों रुपये भी लिए हैं। अब वह मिल भी नहीं रहा है।
युवती के अनुसार लोधा के गांव शिखारन का एक युवक वर्षों से नोएडा में दवा की कंपनी में पैकिंग का काम करता था जबकि बुलंदशहर के एक गांव की युवती गाजियाबाद में निजी कॉलेज में शिक्षक थी। ऑनलाइन गेम के दौरान युवक का युवती से संपर्क हुआ। इसी बीच द्वारा दोनों में प्यार हो गया। जून 2019 में दोनों की आमने सामने मुलाकात हुई और फिर 29 जुलाई 2019 को युवती की सहेली के घर पर दोनों के बीच घंटों बात होती रही। इस बीच दोनों का प्यार परवान चढ़ने लगा। इसका फायदा उठाते हुए युवक ने उससे रुपये ऐंठना शुरू कर दिया। कोर्ट मैरिज के नाम पर युवती से कागजात तैयार कराने के लिए 25 हजार रुपये ले लिये। बाद में फिर 30 हजार रुपये और लिए। युवती के अनुसार इसके बाद भी वह कई बार हजारों रुपये लेता रहा।














