
कोरबा(खटपट न्यूज़)। बाल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत चुइया हरदीमाड़ा मोड़ के पास तेज रफ्तार कार ने परिवहन विभाग की घोर उदासीनता के कारण चल रहे अत्यधिक ओव्हरलोड एक ऑटो को टक्कर मार दिया। इस हादसे में ऑटो सवार सभी 10 यात्री घायल हो गए जिसमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में 2 बच्चे भी शामिल हैं। घायलों में रत्ना बाई, फुलमतिया बाई, संतोषी केवट,बिहानीन बाई, अंजू कंवर 2 वर्ष, अंकिता 4 वर्ष आदि सभी निवासी ग्राम धनगांव व ऑटो चालक मनोहर दास शामिल है।

कार चालक सीएसईबी कर्मी अमित कुमार भी घायल है। सभी घायलों को 108 और डायल 112 वाहन की मदद से जिला अस्पताल लाया गया। ऑटो सवार सभी लोग कोरबा स्थित बैंक आए हुए थे। वापस लौटते समय सामने से आ रही कार की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद ऑटो चालक नियंत्रण नही रख पाया और ऑटो सड़क से उतर कर पेड़ से जा टकराई। घटना के बाद चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने इसकी सूचना 112 और 108 को दी।















