कोरबा (खटपट न्यूज)। कोतवाली पुलिस ने एसी से तांबा काटकर चोरी करने वाले एक नाबालिग सहित 3 चोरों को पकड़ा है। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्रांतर्गत मिशन रोड निवासी महेश अग्रवाल पिता स्व. संतोष अग्रवाल 41 वर्ष के घर की बाउंड्रीवाल को पार कर 4-5 जून की रात घर में लगे 2 एसी का कॉपर केबल वायर काटकर किसी ने चोरी कर लिया था। इसकी रिपोर्ट महेश ने कोतवाली में दर्ज कराई।

टीआई लखनलाल पटेल ने बताया कि चोरों की तलाश में पुलिस टीम लगाने के साथ मुखबिर भी सक्रिय किए गए। प्रार्थी के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में नजर आए चोरों की पहचान निगरानी बदमाश स्व. दशरथ राजपूत के पुत्र लखन राजपूत निवासी रामसागरपारा के रुप में की गई। पुलिस ने सामुदायिक भवन रामसागरपारा के पास से भाग रहे लखन और उसके साथी रघुवीर सहिस पिता प्रेमलाल 21 वर्ष को धर दबोचा। इन्होंने चोरी में एक नाबालिग लड़के को भी साथ लेना बताया जिसकी मदद से वारदात को अंजाम दिया। इनके पास से कटे हुए कॉपर वायर कीमत 10 हजार रुपए बरामद किए गए।















