कोरबा/पाली(खटपट न्यूज़)। एसईसीएल की पाली क्षेत्र के ग्राम बुड़बुड़ स्थित खुली कोयला खदान के अधिकारियों के उपेक्षापूर्ण कार्य और हैवी ब्लास्टिंग के कारण पाली सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र बुरी तरह थर्रा उठे हैं। घरों की दीवारों में दरारें आने लगी है तथा लोग दहशत के साये में दिन बिताने लगे है। किये जा रहे इस हैवी ब्लास्टिंग से नगर में स्थित ऐतिहासिक एवं प्राचीन शिव मंदिर का नींव भी दहल उठा है और उसके अस्तित्व पर भी खतरा मंडराने लगा है।

बुड़बुड़ खान प्रबंधक के मनमाने एवं अड़ियल कार्य रवैये के विरुद्ध कोरबा सांसद प्रतिनिधि प्रशांत मिश्रा ने पाली थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर को लिखित शिकायत सौंप अपराध दर्ज कर उचित कार्यवाही की मांग की है।

सांसद प्रतिनिधि मिश्रा ने कहा है कि विकासखण्ड मुख्यालय से महज 3 कि.मी. की दूरी पर एसईसीएल कोरबा पश्चिम प्रक्षेत्र द्वारा सराईपाली ओपन कास्ट कोल परियोजना आरंभ कर दी गई है। इस संबंध में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा कई आपत्तियां कर विरोध भी जताया गया है, कुछेक मामले न्यायालय में विचाराधीन भी हैं।चूंकि पाली विकासखण्ड मुख्यालय में 11वी सदी में निर्मित ऐतिहासिक शिवमंदिर स्थापित है इस कारण पुरातत्व विभाग एवं सुप्रीम कोर्ट के सख्त निर्देशों के तहत पुरातात्विक धरोहर के आसपास तथा एक निश्चित दायरे के भीतर किसी भी प्रकार का निर्माण अथवा ब्लास्टिंग से क्षति होने की संभावना के मद्देनजर प्रतिबंधित है।किंतु पाली के निकट उक्त कोयला खदान से इन दिनों हैवी ब्लास्टिंग किया जा रहा है जिससे आसपास रहवासी ग्रामीणों का आवास क्षतिग्रस्त हो रहा है वहीं उन्हें जान का खतरा भी बना हुआ है जिससे वे भयभीत व असुरक्षित महसूस कर रहे है।इसके अलावा प्राचीन मंदिर को भी नुकसान पहुँचने की पूरी संभावना है।श्री मिश्रा ने उक्त परियोजना के क्षेत्रीय प्रबंधक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर उचित कार्यवाही करते हुए हैवी ब्लास्टिंग पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
















