Sunday, March 29, 2026
Home कोरबा एटीएम मशीन में टेम्परिंग कर ठग निकाल रहे रुपए

एटीएम मशीन में टेम्परिंग कर ठग निकाल रहे रुपए

0 टेम्परिंग में खाता से रुपए कटते नहीं और एटीएम से निकल जाता है
कोरबा,(खटपट न्यूज)। ठगी की वारदातों को अंजाम देने वाले साइबर अपराध के साथ-साथ अब दूसरे तरह के चालाकीपूर्ण लेकिन तकनीकी तौर से ठगी कर रहे हैं। ठगी का यह अपने आप में अनूठा तरीका है जिसमें खातेदार और बैंक को ठगी का पता ही नहीं चलता और एटीएम से नगदी निकल जाती है। शहर के एक एटीएम से इस तरह 40 हजार रुपए निकाले गए जिसे एटीएम का मेन्टेनेंस के जानकार ने पकड़ा और रिपोर्ट दर्ज कराया।

कोरबा के एटीएम में लगे सीसीटीवी में कैद ठगों की तस्वीर

ठगी का यह तरीका कुछ इस तरह है कि तकनीकी रूप से जानकार ठग के द्वारा एटीएम मशीन में लगे शटर जहां से नगदी रकम निकलती है और उपभोक्ता रुपए हासिल करता है, उस शटर की टेम्परिंग कर ली जाती है। टेम्परिंग के कारण एटीएम का उपयोग करने वाले खाताधारक के खाता से नगदी नहीं निकलती और एटीएम मशीन से नगदी निकल जाती है। चूंकि निर्धारित समय सीमा में लेन-देन के बाद भी नगदी नहीं निकलती और ट्रांजेक्शन फेल हो जाता है और एटीएम धारक वहां से निकल जाता है। इसके ठीक बाद ठग गिरोह के सदस्य वहां पहुंचकर एटीएम के शटर में फंसे रुपए को निकाल लेते हैं। इस तरह का तरीका सीएसईबी पुलिस सहायता केन्द्र क्षेत्र अंतर्गत विवेकानंद उद्यान (अप्पू गार्डन) के पास स्थित एकांत वाले एटीएम अपनाया गया। यहां से 10 अगस्त को शाम 7 से 8 बजे के बीच 40 हजार रुपए नगद निकालकर एक तरह से एटीएम से चोरी किया गया। यह चोरी चंद्रशेखर क्षीरसागर पिता ढालूराम क्षीरसागर 34 वर्ष निवासी किरणापुर जिला बालाघाट मध्यप्रदेश हाल पता – जांजगीर बीटीआई चौक वार्ड 18 ने पकड़ी। चंद्रशेखर द्वारा कोरबा, जांजगीर-चाम्पा, बलौदाबाजार स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सभी एटीएम का मेन्टेनेंस कार्य किया जाता है और उसने अप्पू गार्डन के पास स्थित एसबीआई एटीएम में यह गड़बड़ी पकड़ी। चंद्रशेखर की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध धारा 379 भादवि के तहत जुर्म दर्ज कर पतासाजी की जा रही है। शहर के सुभाष चौक, बुधवारी बाजार, गुप्ता गली कोरबा शहर के पास स्थित एसबीआई के एटीएम में भी यह कोशिश की गई।
0 अंतर्राज्यीय गिरोह छत्तीसगढ़ में सक्रिय
कोरबा, बिलासपुर व रायपुर समेत कई जिलों के दो दर्जन से अधिक एटीएम से रुपए निकाल लेने वाले इस गिरोह के तार झारखंड के धनबाद से जुड़े है। बिलासपुर साइबर सेल की पुलिस ने गिरोह के कुछ लोगों को पकड़ लिया है वहीं अन्य सदस्यों को पकड़ने साइबर सेल की टीम छापेमारी कर रही है। बिलासपुर सायबर पुलिस की एक टीम धनबाद के लिए  रवाना की गई है।  
0 होटल में ठहरे थे ठग, नहीं मिलती सूची
धनबाद से आए ठग गिरोह के सदस्य कोरबा के एक होटल में ठहरे थे। शहर सहित जिले के होटल अथवा लॉज में ठहरने वालों की सूचना पुलिस को लंबे समय से देना बंद कर दिया गया है वहीं पुलिस भी इस दिशा में ठोस पहल नहीं करती जिसका फायदा आपराधिक प्रवृत्ति के लोग उठाते आ रहे हैं। जिले में एसपी बदलने के बाद भले ही किराएदारों, मुसाफिरों और होटल, लॉज में ठहरने वालों की सूची हर दिन संबंधित थाना-चौकी में नियमित रूप से देने के निर्देश दिए जाते हो किंतु पिछले कार्यकाल के एसपी व अन्य अधिकारियों की उदासीनता के कारण इस अनिवार्य कार्य में रोक लग गई और थानेदारों ने भी शिथिलता बरती है।
0 एटीएम किराए पर लेकर बैंक को भी लगाते चूना
ठगी का एक और तरीका सामने आया है जिसमें ठग के द्वारा 5-10 हजार रुपए में एटीएम कार्ड किराए पर लिया जाता है। वे अपने खाता से संबंधित एटीएम धारक के खाता में रुपए ट्रांसफर कराते हैं और फिर उस एटीएम कार्ड के जरिए से ट्रांजेक्शन करते वक्त ऊपर व नीचे के नोट छोड़कर बीच से रुपए निकाल लेते हैं और इस तरह बड़ी रकम उनके हाथ लग जाती है और कुछ रकम वापस एटीएम में चला जाता है। इससे बैंक को लगता है कि उपभोक्ता को रुपए मिले नहीं और बाद में आवेदन देने पर वह रकम वापस खाता में जमा कर दी जाती है। इस तरह बैंक को सीधे तौर पर चूना लगाने वाला गिरोह भी सक्रिय है।

00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel