Friday, March 27, 2026
Home कोरबा एक मुठभेड़ में प्रमोशन, दूसरे में वीरता पदक, जानें टीआई लीलाधर की...

एक मुठभेड़ में प्रमोशन, दूसरे में वीरता पदक, जानें टीआई लीलाधर की बहादुरी का किस्सा…


0 राज्योत्सव के मुख्य समारोह में मिलेगा सम्मान
कोरबा (खटपट न्यूज)। कोरबा जिला पुलिस बल में पदस्थ व वर्तमान कुसमुण्डा थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर को नक्सल क्षेत्र में पदस्थापना के दौरान अदम्य साहस के लिए पुलिस वीरता पदक- 2021 हेतु नामांकित किया गया है। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में 15 अगस्त 2021 को यह सम्मान अन्य पुलिस अधिकारियों व कर्मियों के साथ मिलना तय हुआ लेकिन कोविड-19 के प्रोटोकॉल को देखते हुए राज्योत्सव के मुख्य समारोह में नवाजा जाना सुनिश्चित किया गया है। जिले से एक मात्र पुलिस अधिकारी को यह सम्मान मिलने से जिला पुलिस बल गौरवान्वित है एवं बधाईयां दी है।

निरीक्षक लीलाधर राठौर

सीधे-सादे स्वभाव के सरल दिखने वाले लीलाधर राठौर ने अपने प्रशिक्षण के दौरान जंगलवार जैसे युद्ध के खास कौशल को ग्रहण किया। उनके इस प्रशिक्षण के साथ-साथ विभागीय तौर पर मिलने वाला प्रशिक्षण छत्तीसगढ़ की माटी की सेवा और रक्षा में काम आ रहा है। दरअसल जब लीलाधर राठौर एसआई रहते हुए नक्सल प्रभावित बीजापुर के फरसेगढ़ थाना में पदस्थ रहे तब वे डीआरजी टीम के कमांडर बतौर नेतृत्व किए। थाना से करीब 25 मीटर दूर घने जंगल में एक सूचना पर टीम के साथ उन्होंने नक्सलियों के डिवीजनल कमेटी मेम्बर (डीवीसीएम) को 14 दिसंबर 2016 को उसके गनमैन के साथ मार गिराया। इस सफल मुठभेड़ पर लीलाधर को आऊट ऑफ टर्न प्रमोशन 2017 में मिला और वे निरीक्षक हुए। इसके उपरांत उन्हें डीआरजी टीम का इंचार्ज बना दिया गया और पुलिस अधीक्षक सहित उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन में डीआरजी इंचार्ज बतौर नक्सल ऑपरेशनों को सफल किया। वर्ष 2018 की 1 जुलाई को बीजापुर जिले के गंगालूर व मिरतुर थाना के मध्य जहां कि अक्सर नक्सलियों द्वारा आईडी ब्लास्ट किया जाता रहता है, ऐसे जोखिम भरे और संवेदनशील क्षेत्र में एक सूचना पर लीलाधर के नेतृत्व में टीम ने ऑपरेशन चलाया। 1 जुलाई को सुबह से यहां घने जंगल में गश्त हो रही थी और रास्ते से गुजरते वक्त एकाएक नक्सली ने इन पर फायरिंग शुरू कर दी जिसके जवाब में मुठभेड़ हुआ और नक्सली कमांडर को मार गिराने के साथ उसके कब्जे से इंसास, ऑटोमेटिक रायफल, बुलेट्स आदि बरामद किया गया। यह एक अहम् मुठभेड़ व बड़ी सफलता थी। इस सफलता के लिए राज्य सरकार द्वारा पुलिस वीरता पदक हेतु निरीक्षक लीलाधर राठौर का नाम अनुशंसित किया गया और फिर वीरता पदक हेतु वे 25 जनवरी 2021 को नामांकित हुए। नि:संदेह लीलाधर राठौर ने अपनी टीम के साथ अदम्य साहस का परिचय दिया और वर्तमान में कोरबा जिला पुलिस बल में पदस्थ हैं। खटपट न्यूज से चर्चा में वे कहते हैं कि भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा एवं आमजन की रक्षा के लिए वे पुलिस में भर्ती हुए हैं। वर्दी पहनने का उन्हें जो सौभाग्य प्राप्त हुआ है, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभा रहे हैं और उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन में आगे भी यही जज्बा लेकर वे बढ़ रहे हैं।

00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel