Tuesday, March 24, 2026
Home कोरबा एकजुटता से ही समाज का विकास : शाह

एकजुटता से ही समाज का विकास : शाह

0 गुजराती समाज ने प्रतिभाशाली बच्चों का किया सम्मान

कोरबा (खटपट न्यूज़)। श्री गुजराती समाज के अध्यक्ष नलीन भाई शाह ने कहा है कि किसी भी समाज की एकता के लिए एकजुटता का होना आवश्यक है। गुजराती समाज की प्रगति में भी यहीं एकता आधार रही है जिसे हमें और भी दृढ़ करना है।
गुजराती समाज के अध्यक्ष शाह समाज भवन में आयोजित नववर्ष व दीपावली मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर समाज के संरक्षक शांतिलाल भाई चौहान, पचाण भाई पटेल, मनोज शर्मा, धीरेन संघवी, महिला मंडल की नई अध्यक्ष बिन्दू मकवाना व सचिव सोनल शाह भी मंचस्थ थीं। वार्षिक लेखा-जोखा कोषाध्यक्ष तुषार चौहान ने दिया। उन्होंने ही कार्यक्रम का संचालन किया। संरक्षक मनोज शर्मा ने समाज भवन विस्तार की रूपरेखा रखी। उन्होंने समाज के प्रत्येक सदस्यों से इसमें सहयोग की अपील की। समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने मेधावी छात्र-छात्राओं को सरस्वती सम्मान दिया। सभा को महिला मंडल अध्यक्ष बिन्दू मकवाना, गीता पटेल ने भी संबोधित करते हुए जलाराम जयंती पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन करने के लिए प्रेरित किया। 


0 जरूरतमंदों को सहयोग करने का संकल्प
समाज के सदस्य नवीन भाई पटेल ने इस मौके पर कहा कि समाज के वे जरूरतमंद सदस्य जिन्हें कन्या विवाह, उच्च शिक्षा व ईलाज के लिए मदद की आवश्यकता होगी उन्हें वे अपने भाई दिनेश पटेल के साथ मिलकर सहयोग देने का संकल्प लिया है। इस संबंध में समाज के सदस्यों को यदि ऐसे किसी भी जरूरतमंद की जानकारी मिले तो वे उन्हें बिना किसी संकोच के बता सकते हैं।


0 जलाराम जयंती पर निकलेगी शोभायात्रा
जलाराम सेवा समिति के सचिव किशोर भाई पटेल ने 31 अक्टूबर को संत श्री जलाराम बापा की 223वीं जयंती आयोजन के संबंध में जानकारी दी। शोभायात्रा दोपहर 3 बजे छगन भाई पटेल के टीपी नगर निवास स्थान से प्रारंभ होकर मुख्य मार्ग होते हुए जलाराम मंदिर पहुंचेगी। जहां समिति की वार्षिक सभा होगी। शाम 6.30 बजे पूजा, महाआरती के उपरांत महाप्रसाद का आयोजन होगा जिसके दाता रतन बेन पटेल है। प्रत्येक घर से प्रसाद के रूप में बाजरे का रोटला लाने का उन्होंने निवेदन किया है।


—————–

Advertisement Carousel