ऊर्जाधानी में धूमधाम से मना दशहरा, दशानन के पुतलों का हुआ प्रतीकात्मक दहन

कोरबा( खटपट न्यूज़)। ऊर्जाधानी में विजयादशमी का पर्व परंपरागत ढंग से हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। विगत 2 वर्षों से कोरोना संक्रमण के कारण त्योहारों को अनमने तरीके से मनाते चले आ रहे लोगों ने इस बार अपेक्षाकृत अधिक उत्साह पूर्वक त्यौहार को रौनक भरे माहौल में मनाया। सुबह से ही सड़कों पर चहल-पहल बढ़ने लगी थी जो शाम होते-होते और बढ़ गई। विभिन्न दुर्गा पूजा उत्सव समितियों के द्वारा पंडालों में विराजित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का दर्शन करने के साथ लोगों ने खान-पान का लुत्फ उठाया। पुराना बस स्टैण्ड सहित अन्य स्थानों पर 5 से 10 फ़ीट ऊंचे पुतले का दहन कर प्रतीकात्मक तौर पर परंपरा का निर्वहन किया गया। इस बार रावण के पुतले लोगों के लिए कौतूहल और आकर्षण का केंद्र रहे, इसलिए कि विगत दो वर्ष पूर्व विशालकाय पुतलों का दहन किया जाता रहा। कहीं आंखें तरेरते हुए तो कहीं अट्टहास करता रावण इस बार गली-मोहल्लों में दहन किये जाने वाले पुतलों की शक्ल में मैदानों में जलाया गया। दहन से पहले पूजा और आतिशबाजी की गई। ढोल-ताशे की गूंज भी यहां सुनाई देती रही। पुतलों का दहन बाद समी के पत्ते आपस मे बांटे गए।
विजयदशमी त्योहार के मद्देनजर जिला और पुलिस प्रशासन के द्वारा व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया था। प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा जहां विभिन्न आयोजन स्थलों पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं को देखा जाता रहा वहीं राजपत्रित पुलिस अधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन और निर्देशन में थाना व चौकी प्रभारियों एवं पुलिस बल के जवानों, सीएएफ व बटालियन के जवानों द्वारा लगातार गश्त की जाती रही। यातायात के जवान व्यवस्था बनाने में जुटे रहे।
0 पुलिस लाइन में हुई शस्त्र पूजा, एसपी हुए शामिल

भगवान राम ने लंकापति रावण से युद्ध करने के पूर्व आदिशक्ति मां दुर्गा की आराधना की और शस्त्रों की पूजा- अर्चना उपरांत युद्ध के लिए आगे बढ़े। श्री राम ने दशानन का वध किया। इस तरह लंका पर विजय और लंकापति के वध से जुड़े इस पौराणिक महत्त्व के पर्व पर शस्त्र पूजा का विधान प्रारंभ हुआ। इस विधान का निर्वहन प्रत्येक विजयादशमी की सुबह जिला पुलिस के द्वारा किया जाता है। इस बार जिला पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के द्वारा पुलिस लाइन में शस्त्रों की पूजा एवं हवन किया गया। पूजा पश्चात एसपी, एएसपी अभिषेक वर्मा, सीएसपी योगेश साहू, डीएसपी प्रदीप यरेवार, यातायात डीएसपी शिवचरण सिंह परिहार, डीएसपी संजय साहू ने हर्ष फायर किया। एसपी ने पुलिस विभाग के वाहनों, वाटर कैनन वरुण, वज्र वाहन का भी पूजन-अर्चन कर श्रीफल चढ़ाया। पुलिस अधीक्षक ने समस्त जिला वासियों एवं पुलिस परिवार को विजयदशमी पर्व की शुभकामनाएं प्रेषित की। इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक अनथ पैकरा, कोतवाली थाना प्रभारी सनत सोनवानी, बालको थाना प्रभारी राकेश मिश्रा, दर्री थाना प्रभारी राजेश जांगड़े, कुसमुंडा थाना प्रभारी लीलाधर राठौर, हरदीबाजार प्रभारी अभय बैस, दीपका थाना प्रभारी अविनाश सिंह, निरीक्षक विवेक शर्मा, सूबेदार भुनेश्वर कश्यप, साइबर सेल प्रभारी कृष्णा साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
0 कोविड प्रोटोकॉल की उड़ी धज्जियाँ

इस दशहरा में लोगों ने दो साल की कसर पूरी कर ली। दो कोरोना लहर के बाद इस दशहरा काफी चहल-पहल रही तो अनेक क्षेत्रों में आयोजन स्थल पर कोविड प्रोटोकॉल की जमकर धज्जियाँ उड़ी। रावण दहन देखने के लिए सर्वाधिक रेला आरपी नगर के दशहरा मैदान में उमड़ा। यहां भीड़ के मद्देनजर पुलिस और यातायात अमले ने घंटाघर चौक चौपाटी के निकट और ब्लू बर्ड स्कूल कोसाबाड़ी मार्ग के पास स्टॉपर लगा कर सिर्फ दो पहिया वाहनों व पैदल को आने- जाने की अनुमति दी। इसके बावजूद घंटाघर से कोसाबाड़ी मार्ग पर काफी भीड़ लगी रही। दशहरा मैदान के आसपास तो तिल रखने तक की जगह नहीं बची थी। मैदान के चारों तरफ के कॉलोनी के आंतरिक मार्ग में भी लोगों की आवाजाही काफी रही और कई लोग तो बिना दर्शन के ही वापस लौटने के लिए मजबूर हुए। बताया जाता है कि यहां इतनी भीड़ इससे पहले नहीं देखी गई। आसपास के क्षेत्रों में रावण दहन नहीं होने के कारण दहन देखने व परंपरा निर्वहन की मंशा से इस मैदान में आसपास के लोग उमड़े रहे।

00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel