कोरबा(खटपट न्यूज़)। ऊर्जाधानी भू-विस्थापित कल्याण समिति की आम सभा का आयोजन 10 सितंबर,रविवार को कार्यालय नरईबोध में रखा गया है।

समिति के अध्यक्ष सपूरन कुलदीप ने बताया कि संस्था का पंजीयन क्रमांक 31610, दिनांक 3.12.2016 की नवीन कार्यकारिणी का चुनाव अपरिहार्य कारणों से नहीं हो सका है। इसके लिए 10 सितंबर 2023 को विधिवत आमसभा किया जाकर नवीन कार्यकारिणी का निर्वाचन किया जाना प्रस्तावित है। संस्था की आमसभा कर नवीन कार्यकारिणी का चुनाव कराने के संबंध में पंजीयक, फम्र्स एवं सोसायटी बिलासपुर को पत्र लिखा जा चुका है। पंजीयक को यह भी बताया गया है कि संस्था के उपाध्यक्ष एवं एक अन्य को उनके संस्था विरोधी गतिविधियों के लिए निष्कासित किया गया है। यदि उनके द्वारा किसी तरह की शिकायत की जाती है तो उस पर संज्ञान न लिया जाए ताकि संस्था अपनी आमसभा की कार्यवाही सुचारू रूप से कर सकें। अध्यक्ष सपूरन कुलदीप ने बताया कि संस्था की आमसभा व नवीन कार्यकारिणी का चुनाव के संबंध में कोर कमेटी के सभी सदस्यों से भी मार्गदर्शन लिया गया है।
इससे पहले अप्रेल माह में आमसभा की अनुमति चाही गई थी तब कोर कमेटी ने निर्णय लेकर जून माह में तय किया कि मौजूदा समिति यथावत रहेगी। इसके पश्चात समिति ने और कसावट लाने के लिए आमसभा का निर्णय लिया है। यह निश्चित किया गया है कि 10 सितंबर को सुबह 11 बजे से नरईबोध कार्यालय में होने वाली साधारण सभा बैठक में केवल वही शामिल होंगे जिन्होंने ऊर्जाधानी भू-विस्थापित किसान कल्याण समिति की सदस्यता ग्रहण की हो। उन्होंने बताया कि समिति से निष्कासित किए गए कुछ लोगों के द्वारा संगठन विरोधी गतिविधियां की जा रही है और ऐसे लोगों की भ्रामक जानकारियों से सावधान रहने की जरूरत है ताकि भू-विस्थापितों के हक की लड़ाई पूरी एकजुटता और ताकत के साथ लड़ी जा सके।















