Wednesday, March 25, 2026
Home कोरबा उधार की रकम वसूलने कोरबा में युवक को 3 दिन तक बंधक...

उधार की रकम वसूलने कोरबा में युवक को 3 दिन तक बंधक बनाया, परिवार को भी दी धमकी, 3 आरोपी गिरफ्तार….

कोरबा(खटपट न्यूज़)। उधार में दिए गए रुपए की वसूली के लिए नगर में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपने साथी के साथ मिलकर सूरजपुर से आए व्यक्ति को बंधक बना लिया। राताखार स्थित अपने एक निर्माणाधीन मकान में तीन दिन तक बंधक बना कर रखा। यही नहीं सूरजपुर पहुंच कर परिवार को धमकाते हुए 70 हजार रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिया। पूरी राशि लौटने के बाद ही छोड़ने की बात कह वापस लौट आए। शिकायत मिलने पर पुलिस ने अपहृत व्यक्ति को छुड़ाया। मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिले के रूनियाडीह थाना विश्रामपुर क्षेत्र निवासी लतीफ खान किसी काम से कोरबा स्थित ग्राम नुनेरा 9 दिसंबर को आया था। 11 दिसंबर को उसका सामना ट्रांसपोर्ट नगर में अब्दुल खान से हो गया और उसे जबरदस्ती पहले अपने घर ले गया और बाद में राताखार में निर्माणाधीन मकान में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया। अब्दुल से करीब चार लाख रुपये लतीफ ने उधार लिए थे, जिसमें कुछ वापस लौटाए और 2.10 लाख रुपये वापस लेना बाकी था। इसकी वसूली को लेकर अब्दुल एक साथी के साथ मिल कर लतीफ को तीन दिन तक बंधक बना कर रखा, इस बीच वह खुद सूरजपुर लतीफ के घर जा पहुंचा और उसके परिजनों को पूरी कहानी बताई। साथ ही उसने कहा कि जब तक रूपये नहीं दोगे तो उसे छोड़ूंगा नहीं,मार कर फेंक दूंगा। लतीफ के परिजनों ने 70 हजार रूपए अब्दुल खान के एक महिला सदस्य के बैंक एकाउंट में ट्रांसफर किया। इसके बाद भी उसने पूरी राशि देने की बात कह लतीफ को नहीं छोड़ा और वापस लौट आया। इसकी शिकायत लतीफ के भांजा सद्दाम हुसैन पिता इजराइल खान 28 साल ने सीएसईबी पुलिस चौकी में की। आरोपी अब्दुल खान एवं उसके साथियों के विरुद्ध धारा 364,386, 34 भारतीय दंड विधान के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ किया गया। चौकी सीएसईबी प्रभारी एसआई कृष्णा साहू ने बताया कि पुलिस द्वारा अपहृत लतीफ खान एवं आरोपी अब्दुल खान का पता तलाश प्रारंभ किया गया। विवेचना के दौरान अपहृत लतीफ खान को आरोपी अब्दुल खान एवं अभय सिंह के कब्जे से आरोपी अब्दुल खान के घर से बरामद किया गया। प्रकरण में आरोपीगण अब्दुल खान,अभय सिंह एवं सहयोगी मनुव्वर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

अब्दुल व उसके साथी के खिलाफ धारा 364, 386 के तहत मामला पंजीबद्ध किया है।

Advertisement Carousel