
कोरबा-छुरीकला,(खटपट न्यूज़)। नगर पंचायत छुरीकला के मुख्य सड़क के दोनों किनारे पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा बनायी जा रही आरसीसी नाली भारी अनियमितता पूर्ण कही जा रही है। गुणवत्ताहीन नाली बनाये जाने को लेकर नगर के पार्षद राकेश प्रताप सिंह ने लोक निर्माण मंत्री व राज्यपाल को पत्र भेजकर नाली निर्माण की जांच की मांग की है।

नगर पंचायत छुरीकला से निकली मुख्य सड़क निर्माण के पहले सड़क के दोनों ओर निर्माणाधीन आरसीसी नाली में लगाये जा रहे रॉड को दूर-दूर में लगा कर ढलाई की जा रही है तथा ढलाई के दौरान किसी प्रकार का वाइब्रेटर मशीन का उपयोग नहीं किया जा रहा है। नाली में ऊपर ढलाई के दौरान सफाई के लिए चेम्बर नहीं छोड़ा जा रहा है। सीमेंट की मात्रा में भी कमी की जा रही है वहीं कुछ दुकान के सामने नाली बनाकर अधूरा छोड़ कर दूसरे स्थान पर काम किया जा रहा है जिससे दुकान संचालकों व सड़क किनारे मकान में रहने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सडक के दोनों तरफ की खोदाई कर छोड़ देेने से परेशानी और बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि नाली निर्माण के पहले सड़क के दोनों तरफ सीधे लेकर नापी कर चिन्हांकित किया गया था जिसमें कई दुकानदारों की सीढ़ी आ रही थी। जब नाली के लिए खोदाई की गई तो कुछ नेता वर्ग के लोगों के सामने एक-दो मीटर छोड़कर खोदाई की गई जिससे नाली आड़ा-तिरछा बन रहा है। इसके अलावा नाली के बीच एक वृक्ष पड़ने से उसे कटाई किये जाने की बजाय वृक्ष को छोड़कर नाली बनायी जा रही है और शेष दुकानदार व मकान के सामने सीढ़ी पड़ने पर खोदाई कर दी गई है। इस तरह विभाग का पक्षपात पूर्ण रवैय्या परेशानी का सबब बन हुआ है।















