Wednesday, March 25, 2026
Home कोरबा आदिवासियों की हुंकार : कोरबा जिले में पेसा क़ानून का पालन कराएं,...

आदिवासियों की हुंकार : कोरबा जिले में पेसा क़ानून का पालन कराएं, आदिवासियों की जमीन गैर आदिवासियों द्वारा खरीद-फरोख्त बंद हो….

कोरबा(खटपट न्यूज़)। छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज व जिला सरपंच संघ की अगुवाई में शुक्रवार को जिले भर के आदिवासियों ने जिला मुख्यालय में एकत्र होकर प्रदर्शन किया।

छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज व जिला सरपंच संघ के जिला अध्यक्ष सेवक राम मरावी के नेतृत्व में शुक्रवार को जिले भर के आदिवासी समाज के लोग आदिवासी शक्तिपीठ बुधवारी बाजार में एकत्र हुए। रैली की शक्ल में यहां से रवाना हुए और घंटाघर, सुभाष चौक होते हुए कोसाबाड़ी चौक पहुंचे। यहां इन्हें रोकने के लिए पुलिस ने 2 अलग-अलग बेरिकेड लगाए थे जिन्हें तोड़ दिया और नारेबाजी करते हुए कलेक्टोरेट के पास बने तीसरे बेरिकेड को भी तोड़कर मुख्य द्वार के सामने धरना पर बैठ गए। आदिवासी नेताओं के द्वारा ज्ञापन सौंपने व चर्चा के लिए कलेक्टर श्रीमती किरण कौशल को बुलाने की मांग की गयी। अंतत: कलेक्टर से चर्चा कराई गई जिन्होंने 23 फरवरी को आदिवासी नेताओं के साथ बैठकर बात करने का आश्वासन दिया। इसके पश्चात तहसीलदार सुरेश कुमार साहू को ज्ञापन सौंपकर प्रदर्शन समाप्त किया गया।

0 धरम कुंवर व साथियों पर दर्ज मामले वापस लें, कटघोरा वनमंडल के कार्यों की जांच हो छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज ने मांग की है कि- अपनी जमीन को बचाने के लिए संघर्षरत ग्राम झाबर दीपका निवासी धरम कुंवर व साथियों पर दर्ज मामले वापस लेकर समुचित न्याय देने, गैर आदिवासियों द्वारा प्रताड़ित बालको निवासी मोन्टू खलखो को त्वरित न्याय देने, लखनपुर कटघोरा की विधवा महिला शकुंतला बाई के 40 वर्षों से काबिज भूमि पर गैर आदिवासी द्वारा कब्जा व निर्माण को हटाने, पहाड़ी कोरवाओं को रोजगार व सुरक्षा सुनिश्चित कर तिहरे हत्याकांड के पीड़ित परिजनों को 1 करोड़ का मुआवजा व आश्रित को शासकीय नौकरी देने, जिले में गैरआदिवासियों द्वारा अपना पैसा लगाकर आदिवासियों की जमीन को खरीद-फरोख्त करने का गोरखधंधा बंद करने व डुमरडीह, आमाडार प्रकरण की जांच करने, ग्राम पंचायत उतरदा के लोटनापारा में आदिवासियों पर अभद्र टिप्पणी करने वाले बजरंग नाई पर कार्यवाही एवं कटघोरा वनमंडल अंतर्गत कराए गए निर्माण कार्यों की जांच तथा मजदूरों का भुगतान कराने की मांग की गई है।

तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए

0 भू-विस्थापित किसान कल्याण समिति ने दिया समर्थन ऊर्जाधानी भू-विस्थापित किसान कल्याण समिति ने भी आदिवासी समाज एवं जिला सरपंच संघ के रैली व कलेक्ट्रेट घेराव में भागीदारी निभाई। ऊर्जाधानी संगठन के गजेंद्र सिंह ठाकुर, ललित महिलांगे, प्रकाश कोर्राम, बृजेश श्रीवास, कुलदीप राठौर, संदीप कुमार, रूद्र दास महंत, संतोष दास, दशरथ सिंह धीवर सहित अनेकों सदस्य शामिल हुए।

Advertisement Carousel