
कोरबा (खटपट न्यूज)। आदिवासी विकास मोर्चा के अध्यक्ष गोवर्धन सिंह कंवर ने कलर्स चैनल में फूहड़ कार्यक्रम पेश करने वाली एक्ट्रेस भारती पर एक्ट्रोसिटी एक्ट का प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।
हाल में ही एक शो के दौरान एक्ट्रेस भारती को आदिवासी समुदाय के बारे में अपमानजनक बात कहते हुए सुना गया। काफी संख्या में लोगों ने इसे देखा और लज्जित महसूस किया। गोवर्धन सिंह कंवर का कहना है कि किसी भी समुदाय को आहत करना अच्छी बात नहीं। इसलिए भारती के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा जाना चाहिए। गोवर्धन का कहना है कि भारती इससे पहले भी उटपटांग बातें कर चुकी है। सुर्खियां बटोरने के लिए वह ऐसा काम करती है लेकिन उसे किसी की भावनाओं से खेलने का कोई अधिकार नहीं है। इस मामले को सरकार के साथ-साथ पुलिस व अदालत तक आदिवासी विकास मोर्चा ले जाएगा।















