अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जेएसएस का आयोजन
कोरबा(खटपट न्यूज़)। कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय भारत सरकार प्रायोजित जन शिक्षण संस्थान द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला सशक्तिकरण की दिशा में कौशल से समृद्धि की ओर कार्यक्रम आयोजित किया गया।

मुख्य अतिथि कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने कहा कि जन शिक्षण संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हितग्राहियों को संस्था ट्रेनिंग उपरांत आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पुरजोर ढंग से कार्य करें साथ ही रोजगार के अवसर प्रदान करने की दिशा में भी प्रभावी पहल करें। इसके लिए शासन व प्रशासन की जो भी आवश्यकता होगी उसे पूरा किया जाएगा। जेएसएस द्वारा आयोजित समारोह का सांसद व जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती रीना जायसवाल ने मां सरस्वती और गांधी जी के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। जेएसएस के डायरेक्टर सहित रिसोर्स पर्सन व हितग्राहियों ने अतिथियों को स्मृति सम्मान व पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। जेएसएस के पूर्व व वर्तमान हितग्राहियों ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर अनेकों सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। इस मौके पर सांसद ने प्रशिक्षण के उपरांत सफल हितग्राहियों को सम्मानित भी किया।















