

कोरबा- कटघोरा(खटपट न्यूज़)। घर से निकली प्रिया कुर्रे के साथ 25-26 जून की रात्रि से 21जुलाई 2020 को घटना स्थल जामपानी के जंगल ग्राम रावा में कंकाल मिलने के बीच हुए घटनाक्रम की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। उसके प्रेमी पर प्रारम्भ से किया जा रहा संदेह सही साबित हुआ और वही हत्यारा निकला व सहयोगी उसी का भाई था।
मामले का खुलासा करते हुए कटघोरा टीआई अविनाश सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट 15 सितम्बर को दर्ज कर आरोपियों लखन यादव पिता छतराम यादव 22 वर्ष जगमोहन पिता छतराम यादव 32 वर्ष दोनों निवासी ग्राम लारीपारा नवापारा को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराया गया है। घटना इस प्रकार है कि बोधराम कुर्रे पिता स्व. जगतराम कुर्रे उम्र 38 वर्ष साकिन चुहराडांड़ रजकम्मा थाना कटघोरा ने 01.07.2020 को थाना में आकर अपनी लड़की प्रिया कुर्रे 18 वर्ष की गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराया था। गुम इंसान कायम कर पतासाजी के दौरान 21.07.2020 को जटगा चौकी अंतर्गत उसका कंकाल मिला था। विवेचना के दौरान प्रिया के परिजनों द्वारा जटगा चौकी में बताया गया था कि मृतिका 18 वर्ष पूर्ण होने के 10 दिन बाद घर से गायब हुई थी अतः मामला प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग का लगने से उन्ही पहलुओं पर ध्यान केन्द्रित कर विवेचना को आगे बढ़ाया गया पता चला कि मुतिका का गांव के ही लखन यादव के साथ प्रेम संबंध पिछले दो-तीन साल से था। शक की सुई लखन यादव पर आकर अटकने से लखन यादव से पूछताछ किया गय। पहले तो लखन यादव ने इंकार किया और बताया कि जब से प्रिया गायब हुई है तब से मैं घर पर ही हूं। लखन के मोबाईल का सीडीआर निकाला गया तो पता चला कि घटना दिनांक को लखन का लोकेशन घटना स्थल पर था। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपराध घटित करना कबूल किया। यह भी पाया गया कि लखन यादव की शारीरिक स्थिती काफी कमजोर है और वह अकेले हत्या करके शव को पेंड़ पर नहीं टांग सकता । मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर को थाना कटघोरा भेजा। एएसपी द्वारा सीडीआर का अवलोकन में पाया गया कि आरोपी के द्वारा घटना समय से पूर्व किसी एक नंबर से बातचीत की गई तथा घटना के बाद से कोई बातचीत नहीं हुआ। शक के आधार पर उस नंबर का सीडीआर निकाला गया तो पता चला कि वह नंबर आरोपी के बड़े भाई जगमोहन यादव का है तथा जिसका लोकेशन घटना समय पर रावा के जंगल में दिखा रहा है। जगमोहन को पकड़कर कड़ी पूछताछ में वह टूट गया और दोनो भाई ने मिलकर प्रिया कुर्रे की गला घोंटकर हत्या करना तथा शव को पेड़ पर टांगना स्वीकार किया। आरोपियों से मोटर सायकल व मोबाईल की जप्ती की गई। टीआई ने बताया कि मृतका का लखन यादव से प्रेम संबंध था और लखन यादव का शादी कटघोरा में दूसरी लड़की से तय होने से प्रिया को रास्ते से हटाने के मकसद से दोनो भाई मिलकर उसकी हत्या कर दिये।















