Wednesday, March 25, 2026
Home कोरबा आखिरकार प्रिया कुर्रे का गुनहगार हुआ गिरफ्तार, हत्या का मामला दर्ज

आखिरकार प्रिया कुर्रे का गुनहगार हुआ गिरफ्तार, हत्या का मामला दर्ज

0 कटघोरा पुलिस कल करेगी विस्तृत खुलासा

दिवंगत प्रिया कुर्रे

कोरबा (खटपट न्यूज)। पाली विकासखंड के चैतमा चौकी क्षेत्रांतर्गत चुहियाडांड रजकम्मा निवासी बोधराम कुर्रे की दिवंगत पुत्री प्रिया कुर्रे को आखिरकार न्याय मिल ही गया। लगातार बढ़ते दबाव के मध्य पुलिस ने फोरेंसिंक रिपोर्ट हासिल कर एवं साइबर सेल की मदद से विवेचना करते हुए प्रिया कुर्रे की मौत के जिम्मेदार युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसके विरूद्ध धारा 302 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जानकारी गुरुवार को कटघोरा पुलिस द्वारा दी जाएगी।

याद रहे ग्राम रजकम्मा चुहियाडांड निवासी प्रिया कुर्रे 25 जून को रहस्यमय ढंग से लापता हुई और घर वापस नहीं लौटी। 25 जुलाई को कटघोरा थाना क्षेत्र के जटगा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम जामपानी रावा के जंगल में ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने नरकंकाल बरामद किया। मौके पर मिले सलवार-सूट के आधार पर परिजन ने कंकाल की शिनाख्त प्रिया कुर्रे के रूप में की। पिता बोधराम कुर्रे के साथ भीम रेजीमेंट संगठन के जिलाध्यक्ष अनिल टंडन के नेतृत्व में लगातार पुलिस से संपर्क बनाए रखा गया। पुलिस ने जल्द कार्यवाही करने का भरोसा भी दिलाया। कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक अविनाश सिंह ने संक्षेप में बताया कि मामला ग्रामीणों के मुताबिक प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने के आधार पर संदेहियों पर नजर रखी जा रही थी। कंकाल का पोस्टमार्टम में मौत का कोई सही कारण स्पष्ट नहीं होने से सूक्ष्म जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा गया था। एक्सपर्ट की रिपोर्ट में थोड़ा विलंब हुआ जिसे प्रयासों के बाद प्राप्त कर विवेचना आगे बढ़ाई गई। प्रिया कुर्रे के कथित प्रेमी लखन यादव को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की गई। साइबर सेल की मदद से प्राप्त कॉल डिटेल के आधार पर संदेही लखन पर जाकर जांच टिकी और पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। टीआई ने बताया कि मामले में कुछ और विवेचना एवं आवश्यक दस्तावेजी कार्यवाही शेष होने के कारण विस्तृत जानकारी अगले दिन गुरुवार को वे दे सकेंगे।

Advertisement Carousel