कोरबा,(खटपट न्यूज़) । कोरबा जिले के समस्त अशासकीय विद्यालयों के शैक्षणिक स्तर को समेकित रूप से आगे बढ़ाने एवं समस्त अशासकीय विद्यालयों को एकीकृत करने हेतु कोरबा में अशासकीय विद्यालय समिति का गठन किया गया है। एसोसिएशन का पंजीयन रजिस्टार फॉर्म एवं संस्थाएं छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किया गया है। प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन, कोरबा के पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से किया गया।

इसके अध्यक्ष ए पी सिंह प्राचार्य डीडीएम पब्लिक स्कूल, सचिव डॉ. डीके आनंद मैनेजर सेंट जेवियर पब्लिक स्कूल, कोषाध्यक्ष डीएस राव प्राचार्य न्यू एरा प्रोगेसिव स्कूल रामपुर, उपाध्यक्ष सुश्री घोष प्राचार्य पब्लिक स्कूल, समन्वयक फादर संजीव खाखा प्राचार्य सैंट विंसेंट पल्लोटी स्कूल, सह कोषाध्यक्ष सिस्टर जेस्नी मेरी प्राचार्य निर्मला इंग्लिश हाई सेकेंडरी स्कूल रिस्दी, सहसचिव श्रीमती स्मिता नायर प्राचार्य जैन पब्लिक स्कूल, सदस्य कैलाश पवार प्राचार्य डीपीएस बाल्को, सिस्टर निम्मी फ्रांसिस प्राचार्य सेंट फ्रांसिस इंग्लिश मीडियम स्कूल कोरबा, डॉ. विवेक रंजन महतो धनीराम मेमोरियल पब्लिक स्कूल बरपाली नियुक्त किए गए हैं। शहर के अनेक विद्यालयों के प्राचार्य सदस्य के रूप में चुने गए हैं। एसोसिएशन के द्वारा निर्णय लिया गया है कि उच्च न्यायालय बिलासपुर के निर्देशानुसार सत्र 2020-2021 में विभिन्न अशासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के द्वारा ट्यूशन फीस विद्यालयों में जमा किए जाएं ताकि कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारियों को समय पर वेतन मिल सके।
0 अभिभावक आवेदन दें, परीक्षण कर रियायत दे रहे हैं
एसोसिएशन ने कहा है कि इस कोरोना महामारी के कारण यदि कोई अभिभावक आर्थिक समस्याओं से जूझ रहे हों तो वह अपने संबंधित विद्यालय में प्राचार्य से मिलकर अपनी वित्तीय स्थिति के साक्ष्य के साथ आवेदन प्रस्तुत करें ताकि विद्यालय संबंधित अभिभावक के द्वारा दिए गए दस्तावेजों को जांच कमेटी को भेजकर जांच के उपरांत उपयुक्त पाए जाने पर उन अभिभावकों फीस में रियायत प्रदान कर सकें। जिले के सभी स्कूलों में अभिभावकों से प्राप्त आवेदनों के आधार पर सैकड़ों अभिभावकों को ट्यूशन फीस में रियायत दिया जा चुका है, और जो भी ऐसे अभिभावक आवेदन प्रस्तुत करेंगे उनके परीक्षण के उपरांत रियायत दिया जाएगा।
0 सक्षम अभिभावक अफवाहों नहीं बच्चों की शिक्षा पर ध्यान दें
कुछ सक्षम अभिभावक अपने बच्चों की ट्यूशन फीस संबंधित विद्यालय में जमा नहीं करा रहे हैं , ऐसे अविभावकों से अनुरोध किया गया है कि तत्काल वे ट्यूशन फीस संबंधित विद्यालयों में जाकर जमा कराएं । कुछ अभिभावकों के द्वारा उच्च न्यायालय बिलासपुर के निर्देशों की अवहेलना करते हुए टयूशन फीस जमा नहीं करने का संदेशों मोबाइल के जरिए अन्य अभिभावकों को प्रेषित किया जा रहा है, एसोशिएशन ने पालकों से अनुरोध किया है कि ऐसे अफवाहों पर ध्यान ना दें, बल्कि अपने बच्चों के शैक्षणिक गतिविधियों पर ध्यान दें। यदि अभिभावक समूह में किसी भी अशासकीय विद्यालयों में जाकर विद्यालय के सौहार्दपूर्ण वातावरण में व्यवधान डालने का प्रयास करेंगे तो प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन एवं अशासकीय विद्यालय इस तरह की गतिविधियों के विरोध में ऑनलाइन क्लासेस एवं शैक्षणिक कार्य स्थगित करने हेतु बाध्य होंगे। प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने जिले के समस्त अशासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के अभिभावकों से अनुरोध किया है कि विद्यालय, अभिभावक, शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थियों के बीच के समन्वय की गरिमा को बनाए रखें एवं उच्च न्यायालय बिलासपुर के आदेशानुसार ट्यूशन फीस संबंधित विद्यालयों में समय पर जमा कराना सुनिश्चित करें ताकि शैक्षणिक गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित हो सकें।















