
कोरबा (खटपट न्यूज)। नगर निगम क्षेत्रांतर्गत दर्री में विकसित पुष्प पल्लव कालोनी फेस- 4 में अव्यवस्था की कहानी बिजली के खम्भे पर ही खत्म नहीं होती बल्कि यहां खुले में और जमीन से लगकर स्थापित कराए गए विद्युत फ्यूज तार भी खतरे का सबब बने हुए हैं। यह तो अच्छी बात है कि आज तक कोई हादसा नहीं हुआ लेकिन सबक सीखने के लिए हादसे का इंतजार करना भी उचित नहीं है।

कालोनीवासियों को पेयजल आपूर्ति हेतु बोर की व्यवस्था की गई है। घरों घर पाइपलाइन बिछाकर जलापूर्ति की जाती है किंतु ये पाइपलाइन नाली के भीतर से होकर गुजारी गई है। इसे तस्वीरों में सहज ही देखा जा सकता है। कई जगह से लीकेज पाइपलाइन के रास्ते नाली के कीड़े प्रवेश कर जाते हैं तो बरसात के दिनों में जब पानी नाली से बाहर होकर बहता है, तब ये सारे पाइपलाइन उस गंदे पानी में डूबे रहते हैं और नाली का पानी भी पाइप के रास्ते घरों तक पहुंचता है। आखिरकार कालोनीवासियों के स्वास्थ्य और जीवन से यह खिलवाड़ क्यों?

बताया गया कि कालोनी निर्माता के द्वारा कुछ औपचारिकताएं बाकी होने के कारण इसे नगर निगम को हैण्डओवर नहीं किया जा सका है लेकिन तब तक तमाम व्यवस्थाओं को सही रखने और समस्याओं के निराकरण की जिम्मेदारी बिल्डर की होती है। कालोनीवासियों ने जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की है कि वे कम से कम पुष्प पल्लव और इस जैसी दूसरी भी कालोनियों का गंभीरतापूर्वक भ्रमण कर व्याप्त अनियमितताओं और समस्याओं से रुबरु होकर निराकरण करें/कराएं।

हम आपको पुन: बता दें कि निगम क्षेत्र में कई बिल्डरों के द्वारा आवासीय कालोनियां विकसित की गई हैं लेकिन निर्माण के दौरान अनेक कालोनियों में नियम-कायदों को ताक पर रखा गया है।
0आखिरकार कमजोर खम्भे को मिला कांक्रीट का सहारा

कालोनी में जय अम्बे टेंट हाउस के निकट स्थित बिजली का कमजोर खम्भा संभावित खतरे की वजह बना हुआ था। ठीक नाली के किनारे या कहें नाली में ही खड़े किए गए इस खम्भे की नींव कमजोर होने लगी तो इसे सामने के दूसरे बिजली खम्भे से रस्सी के सहारे बांध दिया गया। विद्युत और खम्भे की समस्या से जूझ रहे कालोनीवासियों ने यह बात उजागर की तो खटपट न्यूज ने प्रमुखता से इस विषय को प्रसारित किया। तीसरे ही दिन कालोनी निर्माणकर्ता बिल्डर के लोगों ने दोनों खम्भों को रस्सी से आजाद कर दिया, पर खतरा कायम था जिस पर पुन: ध्यानाकर्षण कराया गया। परिणामत: नाली में मौजूद खम्भे को मजबूती प्रदान करने के लिए इसके चारों तरफ फिर से कांक्रीटीकरण कराया गया तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। कालोनीवासियों ने उनकी समस्याओं के निराकरण में सहयोग करने पर खटपट न्यूज के प्रति आभार जताया है।

0















