
कोरबा (खटपट न्यूज)। अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर का निर्माण अंतिम चरण में है। 22 जनवरी को भगवान की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होगी। इस तारतम्य में सम्पूर्ण समाज को एकजुट करने और दिव्य प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने सहित मंदिर दर्शन के लिए जन मानस को न्योता देने के उद्देश्य से अयोध्या से पूजित अक्षत कलश देश में चारों दिशाओं में भेजे गए हैं। कलश के विगत दिनों कोरबा जिला मुख्यालय पहुंचने के बाद जिले के विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अक्षत कलश भेजे जा रहे हंै। यह कलश पाली पहुंचने पर आतिशबाजी और ढोल नगाड़े के साथ स्वागत किया गया। पूजा-अर्चना कर 2 दिवस के लिए दर्शन हेतु महामाया मंदिर पाली में स्थापित किया गया। इसके बाद अक्षत कलश को पाली प्रखंड में आने वाले 14 खंडों में भेजा जायेगा जहां से जब जन मानस तक अक्षत के साथ न्योता पहुंच सके। 15 जनवरी तक सभी घरों तक न्योता पहुंचाने का लक्ष्य है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग उपस्थित थे।















