कोतवाली पुलिस के आयोजन में शामिल हुईं 350 महिलाएं
कोरबा (खटपट न्यूज)। महिलाओं की सुरक्षा एवं कानून में उन्हे प्रदत्त अधिकारों पर आधारित राज्य स्तरीय अभिव्यक्ति जागरूकता कार्यक्रम 8 से 14 मार्च तक प्रदेश भर में पुलिस मुख्यालय रायपुर से प्राप्त निर्देश अनुसार कराए जा रहे हैं। इसी तारतम्य में 14 मार्च को पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीणा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के दिशा निर्देश तथा नगर पुलिस अधीक्षक योगेश साहू व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश शर्मा के मार्गदर्शन में पुराना बस स्टैण्ड स्थित गीतांजली भवन में अभिव्यक्ति-नारी के सम्मान की कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में व्याख्याता डॉ. सुषमा पाण्डेय के द्वारा घरेलू हिंसा एवं पारिवारिक विवाद से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। अधिवक्ता श्रीमति रंजना दत्ता द्वारा महिला संबंधी अपराध एवं पीड़ितों की क्षतिपूर्ति योजना से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। महिला आरक्षक प्रतिभा राय द्वारा आत्मरक्षा करने के उपाय के बारे में बताया गया। वर्तमान में बढ़ते हुये सायबर अपराध के बारे मे सायबर सेल के आरक्षक विरकेश्वर प्रताप सिंह द्वारा जानकारी दी गई। गुड टच-बैड टच के बारे में उपस्थित महिलाओं एवं युवतियों को जानकारी दी गई। सीडब्ल्यूसी की सदस्य श्रीमति चन्द्रबाला शुक्ला के द्वारा महिला उत्पीड़न के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। नगर पुलिस अधीक्षक योगेश साहू द्वारा महिला सुरक्षा एवं महिलाओं को कानून से प्रदत्त अधिकारों के बारे में बताया गया। प्रभजोत कौर ने नि:सहाय महिलाओं की सुरक्षा व पुनर्वास से संबंधित जानकारी दी।

कोतवाली टीआई दुर्गेश शर्मा ने कहा कि आज जिस तरह से अपराध खासकर साइबर और महिला संबंधी अपराध बढ़ रहे हैं, इसके प्रति महिला वर्ग को काफी सजग एवं जागरूक होना आवश्यक है। पुलिस हर समय मदद के लिए तत्पर हैं। किसी भी तरह के अपराध की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें ताकि अपराध को होने से रोका जा सके और यदि अपराध हो गया है तो उसके गुनहगारों को पकड़ने की त्वरित कार्यवाही की जा सके। श्री शर्मा ने आधुनिक तकनीकों का अच्छे कार्यों के लिए उपयोग करने की भी अपील की।

इस दौरान स्ट्रीट डांस ग्रुप के बच्चों मुस्कान केशरवानी, प्रिया कौर, अपूर्वा भास्कर, स्नेहल रत्नपारखी, विनय यादव, रौनक अग्रवाल, गणेश लहरे एवं मनोज लदेर के द्वारा महिलाओं के प्रति जागरूकता के संबंध में नाटक प्रस्तुत किया गया। उक्त कार्यक्रम में विभिन्न स्कूल एवं कॉलेज की छात्रायें, महिला पत्रकार, कोतवाली क्षेत्र के पुरानी बस्ती, संजय नगर, लक्ष्मणबन तालाब, नर्सरी मोहल्ला, ईमलीडुग्गू, सीतामणी, रामसागर पारा, मोतीसागर पारा, राताखार से लगभग 350 महिलायें शामिल हुई।















