अपहरण कर फिरौती मांगने के मामले में पीएचई के एसडीओ व उसके पुत्र के खिलाफ एफआईआर

कोरबा (खटपट न्यूज)। पुलिस ने पीएचई विभाग के एसडीओ और उसके पुत्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है। आरोप है कि बैंगलुरू में पढ़ रहे एसईसीएल कर्मी के पुत्र का अपहरण कर साढ़े 5 लाख रूपये की फिरौती मांगी गयी थी। पीएचई विभाग में पदस्थ एसडीओ के पुत्र द्वारा दी गयी इस धमकी के मामले में उसके पिता ने भी अपने बेटे का पक्ष लिया था। इस पूरे मामले में कोर्ट के आदेश के बाद अब पुलिस ने एसडीओ और उसके पुत्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया है। यह पूरा मामला सितंबर 2023 का है। 

जानकारी के अनुसार मानिकपुर पुलिस चौकी अंतर्गत सुभाष ब्लाक में कालोनी में निवासरत एसईसीएल कर्मी संजय कुमार के दो पुत्र 2022 में बैंगलोर में पढ़ाई करने गये थे। उनके साथ कोरबा का ही रहने वाला तन्मय यडल्लु नामक छात्र भी कमरे में रह रहा था। संजय कुमार का आरोप है कि सितंबर 2023 को तन्मय ने उनको कॉल कर धमकाते हुए साढ़े 5 लाख रूपये देने की बात कही। पैसे नहीं देने पर उसके बेटे के साथ ठीक नहीं होने की धमकी दी गयी। कुछ देर बाद तन्मय ने संजय के बेटे के साथ मारपीट का आडियो भी सुनाया। परेशान संजय कुमार ने तन्मय के पिता एसडीओ पीएचई वाय.एस.मेहरराज से संपर्क कर इस बात की जानकारी दी। मुंगेली के पीएचई विभाग में एसडीओ के पद पर कार्यरत मेहरराज ने संजय कुमार की बातों को अनसुना करते हुए पैसे दे देने की बात कहकर अपने बेटे का पक्ष लिया। इस बात से परेशान संजय कुमार ने मानिकपुर पुलिस चौकी में इस घटना की शिकायत दर्ज कराया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद संयज कुमार के बेटे को तन्मय द्वारा छोड़ दिया गया। इस पूरे मामले में बैंगलोर और मानिकपुर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करायी गयी थी लेकिन दोनों स्थान पर पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज नहीं किया। संजय कुमार ने कोर्ट में इस मामले को लेकर परिवाद दायर किया था। कोर्ट ने इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए अब पुलिस को इस मामले में अपराध दर्ज करने का आदेश जारी किया है। कोर्ट के आदेश के बाद मानिकपुर पुलिस ने पीएचई विभाग के एसडीओ वायएस मेहरराज और उसके बेटे तन्मय के खिलाफ धारा 120बी, 387, 347 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Advertisement Carousel