अपडेट: गीतादेवी अस्पताल सील? दर्ज होगी एफआईआर

कोरबा (खटपट न्यूज)। पहाड़ी कोरवा महिला की निजी अस्पताल में मौत के मामले को कलेक्टर ने गंभीरता से लिया है। कलेक्टर ने इस पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित करने के साथ ही अस्पताल को सील करने का आदेश जारी कर दिया है। संबंधित लोगों पर एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश देने के साथ ही जिला अस्पताल/मेडिकल कालेज प्रबंधन को भी नोटिस जारी किया गया है।

कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने इस पूरे मामले में जांच के निर्देश दे दिए हैं। कोरबा एसडीएम हरिशंकर पैकरा, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग माया वारियर एवं सीएमएचओ डॉ. बीबी बोर्डे जांच टीम में शामिल हैं। 3 दिन के भीतर जांच कर रिपोर्ट देने निर्देशित किया गया है। देर शाम कलेक्टर के निर्देश पर सीएमएचओ के द्वारा गीता देवी मेमोरियल अस्पताल को सील कराने की कार्यवाही शुरू की गई। कोरबा एसडीएम हरिशंकर पैकरा सहित अन्य अधिकारी अस्पताल को सील करने पहुंचे जहां अस्पताल प्रबंधन एवं डॉ. बृजलाल कवाची के साथ उनकी कहासुनी हुई। डॉक्टर कवाची ने इस तरह से अस्पताल को सील करने पर अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि यहां मरीज भर्ती हैं जिनकी जिम्मेदारी कौन लेगा? प्रशासन ने कहा कि सभी मरीजों को दूसरे अस्पताल में रेफर कराया जाएगा। समाचार लिखे जाने तक अस्पताल को सील करने के मामले में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

यह भी बता दें कि इस घटनाक्रम के बाद सामाजिक कार्यकर्ता निशुल्क हेल्प सेंटर समिति के अध्यक्ष जफर अली ने प्रशासन से शिकायत कर बिना किसी लाइसेंस के अवैध रूप से संचालित अस्पताल को बंद करने की मांग रखी है। आरोप है कि कोरोना संक्रमितों का इलाज करने के साथ ही उन्हें कोविड के टीके भी लगाए जाते रहे। अस्पताल संचालन संबंधी सुविधाओं का अभाव है वही नर्सिंग होम एक्ट 2013 की सीएमएचओ कार्यालय की सूची में भी इस अस्पताल का नाम शामिल नहीं है।

ज्ञात हो कि हाथ में मामूली सा फ्रेक्चर लेकिन पूरी तरह से स्वस्थ पहाड़ी कोरवा महिला को बेहतर ईलाज कराने की बात कहकर जिला अस्पताल से निजी अस्पताल गीता देवी मेमोरियल में भर्ती किया गया। 9 फरवरी से ऑपरेशन करने के नाम पर अपने अस्पताल में भर्ती कराने के बाद ईलाज में विलंब किया गया। गीता देवी मेमोरियल हॉस्पिटल, कोसाबाड़ी की लापरवाही के कारण पहाड़ी कोरवा महिला सोनी बाई पति सुख सिंह पहाड़ी कोरवा 50 वर्ष निवासी ग्राम सतरेंगा की पिछली रात मौत हो गई। इस मामले में रामपुर विधायक वरिष्ठ आदिवासी नेता ननकीराम कंवर ने अस्पताल के सामने धरना शुरू कर दिया। उनके साथ जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल सहित अन्य भी धरना पर बैठे। इनके द्वारा बिना लाइसेंस के संचालित हो रहे इस अस्पताल को तत्काल बंद करने एवं जिला अस्पताल से गीतादेवी मेमोरियल अस्पताल में रेफर करने वाले डॉ. सहित संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की गयी है।

00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel