अनुसूचित जनजाति में शामिल करने धोबी समाज मिलेगा मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष से…

0 धर्मजयगढ़ में हो चुका है अनुसूचित जनजाति में शामिल, प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष समाज जनों ने किया खुलासा

कोरबा/रायपुर (खटपट न्यूज़)। कोरबा, जांजगीर-चाम्पा, बिलासपुर जिला धोबी समाज की संयुक्त बैठक बस स्टैंड बाल्कोनगर में सम्पन्न हुई। प्रदेश अध्यक्ष सूरज निर्मलकर राजधानी से पहुंचे थे। समाज जनों ने कोरबा जिला अध्यक्ष विक्की विकास निर्मलकर और भडेसर परिक्षेत्र के अध्यक्ष दुखुराम बरेठ के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष का आत्मीय स्वागत कर परंपरागत धोबी पगड़ी से सम्मान किया।

प्रदेश अध्यक्ष को धरमजयगढ़ से आए पूर्णाचंद्र सेठ सहित अनेक समाज जनों ने बताया कि धर्मजयगढ़ में मुख्यमंत्री के निर्देश पर आदिम जाति कल्याण विभाग उच्च स्तरीय छानबीन समिति ने जिला कलेक्टर को निर्देशित किया है। जिला कलेक्टर के निर्देश पर धर्मजयगढ़ के तहसीलदार ने सभी पटवारी को धोबा (धोबी) जाति को अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र देने के लिए निर्देशित किया है। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि हम सबका आपस में रोटी- बेटी का लेन-देन है और धोबी या धोबा एक ही जाति है जिसका प्रमुख व्यवसाय है कपड़ा प्रेस करना और कपड़े की धुलाई करना और हम लोग पौनी पसारी में ही आते हैं। समाज के प्रदेश अध्यक्ष सूरज निर्मलकर ने सभी पदाधिकारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि राजधानी पहुंचकर अतिशीघ्र मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत से इस विषय पर चर्चा करेंगे और समाज के वास्तविक जीवन-यापन से अवगत कराएंगे। उन्होंने कहा कि श्री बघेल और श्री महंत सामाजिक सोच रखने वाले जानकार राजनेता हैं। उपजाति से जाति को नहीं बदला जा सकता है, हमारे समाज के लोग कोई बरेठ, रजक, कनौजिया, बैसवारा, बुंदेला, बघेल, कर्ष, बाथम, पटेल भी लिखते हैं लेकिन सबका जाति एक धोबी ही है। त्रुटि सुधारने के लिए छानबीन समिति को भी आग्रह किया जाएगा और पूरे छत्तीसगढ़ में धोबी जाति को अनुसूचित जनजाति के सूची में रखने की मांग की जाएगी। आरक्षण संघर्ष समिति की बैठक को मजदूर नेता छवि लाल बरेठ, रायगढ़ के जिला अध्यक्ष संदीप बरेठ, जान्जगीर के जिला युवा अध्यक्ष ललित बरेठ, महेंद्र बरेठ, बिहारी राम बरेठ, संतोष कर्ष, बिलासपुर के जिला अध्यक्ष प्रभात सोनछत्र, प्रादेशिक प्रवक्ता बिलासपुर जिला संगठन प्रभारी गंगा निर्मलकर, बलोदा बाजार जिला अध्यक्ष कमलेश निर्मलकर, सारंगढ़ क्षेत्र के नेता जीतराम बरेठ, मनीराम बरेठ, मनोहर बरेठ सहित अनेक नेताओं ने संबोधित किया और छानबीन समिति द्वारा जारी परिपत्र को भरने का संकल्प लिया।

Advertisement Carousel